Advertisement

Lionel Messi Records: 207 मैच... 126 गोल, ऐसा है मेसी का शानदार रिकॉर्ड, अब इंटरनेशनल फुटबॉल को कहा अलविदा

Lionel Messi has Retired from International Matches: दुनिया के महान फुटबॉलरों में से एक लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल मैच को अलविदा कह दिया. 39 साल के मेसी ने अर्जेंटीना की जर्सी में 6 अक्टूबर की रात बेनिन के खिलाफ मैच खेलकर अपने 21 साल लंबे सुनहरे सफर का अंत किया. मेसी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए अपने पूरे करियर में कुल 126 गोल किए हैं. यहां आप इस महान खिलाड़ी की उपलब्धियों के बारे में जान सकते हैं. 

Lionel Messi
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:02 PM IST

Lionel Messi Farewell Match: दुनिया के महानतम फुटबॉलर्स में शुमार लियोनेल मेसी (Lionel Messi) ने अर्जेंटीना की जर्सी में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है. 39 साल के मेसी ने अर्जेंटीना की जर्सी में 6 अक्टूबर 2026 की रात बेनिन के खिलाफ मैच खेलकर अपने 21 साल लंबे सुनहरे सफर का अंत किया. मेसी ने ब्यूनस आयर्स में आयोजित अपने फेयरवेल मैच में 1 गोल किया तो 1 गोल असिस्ट किया. उन्‍होंने निकोलस ओटामेंडी और निको पाज को गोल करने में सहायक की भूमिका निभाई. फिर मेसी ने 71वें मिनट में पेनल्‍टी के जरिए अपना गोल दागा. अर्जेंटीना ने यह मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया. 

काश! मैं पूरी जिंदगी अर्जेंटीना के लिए खेल पाता
मेसी अपने विदायी मैच में भावुक दिखे. अर्जेंटीना का राष्ट्रगान जब चल रहा था तो मेसी की आंखों में आंसू थे. स्टेडियम के लिए रवाना होते समय भी मेसी को आंसू पोंछते देखा गया. इस मैच के समापन के बाद मेसी ने कहा काश! मैं पूरी जिंदगी अर्जेंटीना के लिए खेल पाता. अपने पूरे करियर में जहां भी कदम रखा, स्टेडियम हमेशा खचाखच भरे मिले. मैं इन सभी पलों के लिए शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. 

...तो संन्यास का ले लिया था फैसला 
लियोनेल मेसी ने 2005 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी. 17 अगस्त 2005 को अर्जेंटीना के लिए अपना पहला मैच खेला था. मेसी ने वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में हार के बाद संन्यास का फैसला ले लिया था. अर्जेंटाइन फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने जब मेसी से एक आखिरी मैच खेलने का अनुरोध किया तब उन्होंने अपनी विदाई की तारीख तय की. 7 अक्टूबर 2026 को बेनिन के खिलाफ अपना आखिरी विदाई मैच खेला. आपको मालूम हो कि मेसी अब अर्जेंटीना टीम के लिए मैदान पर नहीं उतरेंगे लेकिन क्लब फुटबॉल में उनका सफर जारी रहेगा. वह मेजर लीग सॉकर (MLS) की टीम इंटर मियामी के लिए खेलना जारी रखेंगे.

मेसी की उपलब्धियां
साल 2005 में इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले लियोनेल मेसी के नाम 207 मैचों में 126 गोल हैं. मेन्स फुटबॉल में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल के मामले में मेसी सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पीछे रहे. रोनाल्डो के नाम 146 गोल हैं. मेसी के नाम बेनिन के खिलाफ आखिरी मैच में एक असिस्ट जोड़ने के बाद कुल 66 असिस्ट हो गए हैं. यह मेन्स इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा हैं. मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपना पहला इंटरनेशनल गोल क्रोएशिया के खिलाफ फ्रेंडली मुकाबले में किया था. मेसी ने 2012 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ गोल की पहली अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक लगाई. इसके बाद मेसी ने 10 और हैट्रिक लगाईं और कुल 11 इंटरनेशनल हैट्रिक के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ दिया.

कुल 6 वर्ल्ड कप खेले
मेसी अर्जेंटीना के फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. मेसी अपने करियर में कुल 6 वर्ल्ड कप खेले. मेसी के नाम वर्ल्ड कप के इतिहास में कुल 21 गोल रहे. वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं. पहले स्थान पर कीलियन एम्बाप्पे हैं. मेसी ने अपने 21 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय सफर में अर्जेंटीना को 5 बड़े अंतरराष्ट्रीय खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई. मेसी ने बेहतरीन खेल से 2021 और 2024 कोपा अमेरिका, 2022 फाइनलिसिमा और 2022 फीफा विश्व कप पर अर्जेंटीना का कब्जा कराया. मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 2008 बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता. 

मेसी ने अर्जेंटीना को इन खिताबों को दिलाया 
2005:  फीफा अंडर-20 विश्व कप
2008: बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल
2021: कोपा अमेरिका चैंपियन
2022: FIFA वर्ल्ड कप चैंपियन
2022: फाइनलिज्मा चैंपियन
2024: कोपा अमेरिका चैंपियन

दो बार गोल्डन बॉल जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी 
मेसी ने विश्व कप में लगातार मैचों में गोल करने के रिकॉर्ड अपने नाम किया है. मेसी 2026 में विश्व कप के लगातार 9 मैचों में गोल करने वाले खिलाड़ी बने.  इतना ही नहीं मेसी के नाम नॉकआउट चरण में लगातार 6 मैचों में गोल करने का रिकॉर्ड भी है. मेसी विश्व कप में दो बार गोल्डन बॉल जीतने वाले अकेले खिलाड़ी हैं. मेसी ने 2014 विश्व कप और 2022 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का यह पुरस्कार जीता था. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement