Advertisement

4 साल बाद 36 साल के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी, मोहम्मद शमी के लिए भी खुलेंगे दरवाजे?

4 साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हुई है. वो 36 साल की उम्र में एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी में दिखाई देंगे. न्यूजीलैंड में भुवनेश्वर कुमार को दिखाना होगा कि कौशल का कोई विकल्प नहीं होता. भुवनेश्वर कुमार के प्रदर्शन पर ही मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाजों की टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद टिकी है.

Bhuvneshwar Kumar
शशिकांत सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:55 PM IST

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. इस टीम में 4 साल बाद गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है. तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को 36 साल की उम्र टीम में जगह मिली है. इतनी उम्र में तेज गेंदबाजों का करियर खत्म माना जाता है. लेकिन भुवनेश्वर कुमार की वापसी ने इस सोच को गलत साबित कर दिया है.

4 साल बाद टीम में वापसी-
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में 4 साल बाद वापसी हुई है. 36 साल के इस गेंदबाज को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया है. भुवनेश्वर कुमार को 2022 में न्यूजीलैंड दौरे के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था. उस दौरे में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था. उसके बाद एक बार फिर उनको न्यूजीलैंड दौरे के लिए ही टीम में जगह मिली है.

दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर हैं कुमार-
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर हैं. मध्यम गति के गेंदबाज कुमार नई गेंद से अंदर और बाहर दोनों तरफ स्विंग कराते हैं. उनकी गेंदें हवा में स्विंग करती हैं. वो स्विंग, सही लाइन-लेंथ और दबाव की स्थिति में बल्लेबाजों के लिए चुनौती पैदा करते रहे हैं. 

भुवनेश्वर कुमार की सबसे बड़ी ताकत उनकी आउटस्विंग है. वह गेंद को बल्लेबाज से दूर ले जाते हुए आखिरी पल में बल्ले का बाहरी किनारा तलाशते हैं. उनकी अंदर आने वाली गेंद बल्लेबाज को हैरान करती है. उन्होंने ये कला काफी मेहनत से विकसित की है. अब एक बार फिर उनकी इसी कौशल के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम में जगह मिली है. 36 साल की उम्र भुवनेश्वर कुमार को साबित करना होगा कि कौशल के सामने उम्र कई मायने नहीं रखती.

IPL ने दिलाई टीम इंडिया में जगह-
आईपीएल में प्रदर्शन की बदौलत कई खिलाड़ियों को टीम इंडिया में जगह मिलती रही है. इसमें सबसे ताजा नाम विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का है. ऐसे में माना जा रहा है कि आईपीएल में भुवनेश्वर कुमार के जबरदस्त प्रदर्शन ने ही टीम इंडिया में उनको जगह दिलाई है. आईपीएल के सीजन 2025 और 2026 में उन्होंने आरसीबी के लिए 45 विकेट हासिल किए हैं.

मोहम्मद शमी की वापसी की जगी उम्मीद-
4 साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी के बाद दूसरे तेज गेंदबाजों को भी टीम में वापसी की उम्मीदें जगी हैं. उम्मीद है कि अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को चकमा देने वाले मोहम्मद शमी को भी टीम इंडिया में जगह मिल सकती है. मोहम्मद शमी भी गेंद को हवा में स्विंग कराने के लिए जाने जाते हैं. जब गेंद पुरानी हो जाती है तो शमी अपनी कलाई और पुरानी गेंद की स्थिति का फायदा उठाकर खतरनाक रिवर्स स्विंग कराते हैं. जिससे बल्लेबाज गच्चा खा जाते हैं. ऐसे में फैंस को उनकी टीम में वापसी की उम्मीद जगी है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement