क्रिकेट प्रेमी चौके-छक्कों की बारिश देखने के लिए तैयार हो जाइए. जी हां, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 28 मार्च दिन शनिवार से शुरू हो रहा है. पहले मैच में शनिवार शाम को मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ है.
आरसीबी के पास विराट कोहली, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा जैसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं तो वहीं हैदराबाद के पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरि क्लासेन, नीतीश रेड्डी, लियाम लिविंगस्टन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं. हम आपको बता रहे हैं कि कब, कहां और कैसे आरसीबी बनाम एसआरएच मैच का लुत्फ आप उठा सकते हैं.
कहां और कितने बजे से शुरू होगा मैच?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच आईपीएल 2026 का पहला मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच मैच शनिवार शाम को भारतीय समयानुसार 7:30 बजे से खेला जाएगा. मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले यानी 7:00 बजे टॉस होगा.
कैसे देख सकते हैं आप मैच?
आईपीएल 2026 के सभी मैचों का प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा. स्टार स्पोर्ट्स पर हिंदी और इंग्लिश के अलावा अन्य भाषाओं में भी प्रसारण होगा. आईपीएल 2026 के सभी मैचों को आप लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं. शनिवार को खेले जाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच का आनंद आप यहां उठा सकते हैं.
शुरुआती मैचों में SRH की कप्तानी करेंगे ईशान किशन
आपको मालूम हो कि आईपीएल 2026 के लिए ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद का नया कप्तान नियुक्त किया गया है. पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण ईशान शुरुआती मैचों में टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. आपको मालूम हो कि BCCI ने इस टूर्नामेंट का शेड्यूल 2 चरणों में जारी किया है. 28 मार्च से 24 मई तक आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के मैच खेले जाएंगे. लीग स्टेज में कुल 70 मैच खेले जाएंगे. आईपीएल 2026 के मैच कुल 12 शहरों में खेले जाएंगे.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम की मजबूती और कमजोरी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ताकत उसकी बेहतरीन बल्लेबाजी है. विराट कोहली, फिल सॉल्ट और रजत पाटीदार की तिकड़ी आरसीबी की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी को मजबूत बनाती है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास टिम डेविड, जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड जैसे तीन बड़े मैच फिनिशर हैं.
आईपीएल 2026 में गेंदबाजी इस बार टीम की कमजोर कड़ी नजर आ रही है.आरसीबी को शुरुआती मैचों में स्टार पेसर जोश हेजलवुड की कमी काफी खल सकती हैं जो फिटनेस की वजह से शुरुआती कुछ मैच मिस कर सकते हैं. यश दयाल निजी परेशानियों में घिरे हुए हैं. तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 36 साल से ऊपर के हो गए हैं. टीम का स्पिन डिपार्टमेंट भी कमजोर दिख रहा है. सुयश शर्मा के तौर पर टीम के पास एक रिस्ट स्पिनर तो है लेकिन उसके तरकश में और रिस्ट स्पिनर विकल्प होने चाहिए थे. इस वजह से टीम की स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर कुणाल पांड्या पर काफी निर्भर होगी.
सनराइजर्स हैदराबाद की मजबूती और कमजोरी
सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी और गेंदबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है. SRH के पास एक बेहतरीन बैटिंग लाइन-अप है, जिसमें उनके ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड अगुवाई कर रहे हैं. नंबर तीन के बल्लेबाज ईशान किशन अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं.
टीम के मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन जैसा बड़ा हिटर भी मौजूद है. कैप्टन पैट कमिंस की मौजूदगी में गेंदबाजी काफी तीखी नजर आ रही है. टीम में अब भी विकेट लेने वाले स्पिनरों की कमी नजर आ रही है. चोटों ने टीम को बुरी तरह प्रभावित किया है, क्योंकि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. दूसरी ओर जैक एडवर्ड्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं.
दोनों टीमों का फुल स्क्वाड
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान.
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान), पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण,हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामेंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी और जैक एडवर्ड्स.