India vs Sri Lanka 2nd Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 23 अगस्त 2026 से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाएगा. भारतीय टीम (Indian Team) टेस्ट मैच में शुभमन गिल की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन कर रही है.
शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड में भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज ड्रॉ करवाई तो वेस्टइंडीज को उसी के घर में हराया. अब भारतीय टीम ने शुभमन गिल (Shubman Gill) के नेतृत्व में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है. टीम इंडिया पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है. अब टीम इंडिया दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को हराकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी. उधर, शुभमन गिल के पास बतौर कप्तान विदेश में पहली टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है. टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल का इस मैच में बल्ला चला तो वह कई रिकॉर्ड्स तोड़ देंगे. यहां आप जान सकते हैं गिल के निशाने पर कौन-कौन रिकॉर्ड हैं? आपको मालूम हो कि श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में शुभमन गिल अपने बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके थे. पहली पारी में गिल 28 गेंदों पर 16 रन और दूसरी इनिंग में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए थे.
एक शतक लगाते ही शुभमन गिल के नाम जुड़ जाएगी यह उपलब्धि
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा साइकल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शुभमन गिल अभी संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं. शुभमन गिल ने अब तक इस चक्र में पांच शतक लगाए हैं. उधर, इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट भी पांच शतक के साथ गिल के बराबर हैं. यदि शुभमन गिल श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगा देते हैं तो वह मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकिल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस तरह से एक शतक गिल को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में नंबर-1 बना देगा.
और पूरे हो जाएंगे 1000 रन
आपको मालूम हो कि शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी के इस साइकिल में 1000 रन पूरे करने से सिर्फ 26 रन दूर हैं. शुभमन गिल ने अभी तक खेले नौ टेस्ट मैचों में 69.57 की औसत से 974 रन बनाए हैं. 1000 रन पहुंचने के लिए गिल को सिर्फ 26 रनों की जरूरत है. श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में गिल इस उपलब्धी को हासिल कर सकते हैं. आपको मालूम हो कि WTC के मौजूदा चक्र में गिल से आगे सिर्फ जो रूट और हैरी ब्रूक हैं. रूट के नाम 1174 रन हैं, जबकि ब्रूक 1147 रन बना चुके हैं.
3 हजार रन पूरे करने सिर्फ इतने रन दूर
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल यदि श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच में सिर्फ 7 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में 3 हजार रन पूरे कर लेंगे. शुभमन गिल ने 42 टेस्ट मैचों में अभी तक 2993 रन बनाए हैं. इस दौरान गिल ने 8 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं. गिल एक और उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं. अभी शुभमन गिल 47 टेस्ट छक्के लगा चुके हैं. वह 3 छक्के लगाते ही टेस्ट मैच में 50 छक्के पूरे कर लेंगे.