आईपीएल के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेले गए मैच में बल्लेबाजों ने ऐसा तूफान मचाया कि मैदान चौकों-छक्कों से गूंज उठा. लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बने वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. युवा बल्लेबाज ने ऐसी बल्लेबाजी की कि फैंस को क्रिस गेल की याद आ गई, बल्कि उनका रिकॉर्ड तक पीछे छूट गया.
शुरुआत संभली, फिर वैभव ने बदला मैच का रंग
राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. यशस्वी जायसवाल 29 रन बनाकर आउट हो गए. शुरुआत में ऐसा लगा कि टीम दबाव में आ सकती है, लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ उसने मैच को पूरी तरह बदल दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने आते ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन जड़कर उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया. उनकी पारी में 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. जिस अंदाज में वैभव बल्लेबाजी कर रहे थे, ऐसा लग रहा था जैसे हर गेंद बाउंड्री पार जाने के लिए ही आ रही हो.
वैभव ने तोड़ दिया क्रिस गेल का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में छक्कों की बारिश करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव ने अब तक लगभग 65 छक्के जड़ दिए हैं, जबकि क्रिस गेल ने 2012 में 59 छक्के लगाए थे. कम उम्र में इस धमाकेदार प्रदर्शन ने वैभव को सीजन का सबसे बड़ा स्टार बना दिया है.
ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने भी दिया साथ
राजस्थान के लिए वैभव के अलावा बल्लेबाजी करते हुए ध्रुव जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी की और सिर्फ 21 गेंदों में 50 रन ठोक दिए. वहीं कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम को तेज रफ्तार दी. आखिरी ओवरों में डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा और बाकी बल्लेबाजों ने छोटे लेकिन अहम रन जोड़कर स्कोर को और बड़ा बना दिया.
243 रन का विशाल स्कोर
राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन बनाए. यह ऐसा स्कोर था जिसे देखकर हैदराबाद के गेंदबाज भी पूरी तरह दबाव में नजर आए. SRH की तरफ से गेंदबाजों ने विकेट जरूर निकाले, लेकिन रन रोकने में नाकाम रहे.
अब SRH के सामने मुश्किल चुनौती
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली सनराइजर्स हैदराबाद को जीत के लिए 244 रन चाहिए थे. इस पिच पर रन जरूर बन रहे थे, लेकिन राजस्थान के गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालने में सफल रहे तो मुकाबला पूरी तरह उनके पक्ष में जाता गया. हैदराबाद की पूरी टीम 196 पर सिमट गई और राजस्थान ने 47 रन से मैच जीत कर अपनी जगह क्वालीफायर-2 में बना ली.
ये भी पढ़ें