T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाने के लिए टीम इंडिया तैयार, जानें भारत का किसके खिलाफ कैसा है रिकॉर्ड? Team India ने पाकिस्तान की खूब की है कुटाई 

T20 World Cup India Record: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. टीम इंडिया एक बार फिर टी-20 वर्ल्ड कप पर कब्जा करने के लिए तैयार है. आइए जानते हैं भारत का किसके खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है? 

Team India (File Photo: PTI)
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 04 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:13 PM IST
  • 7 फरवरी से होगा टी-20 विश्व कप का आगाज
  • वानखेड़े स्टेडियम में भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है. इस टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है और फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा. यह टी-20 विश्व कप का 10वां संस्करण है. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जाने वाले इस टी-20 विश्व कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. सभी 20 टीमों को पांच-पांच के चार ग्रुप में बांटा गया है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने से मना कर दिया है. आइए जानते हैं भारत का किसके खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है? 

टीम इंडिया सबसे प्रबल दावेदार
भारत डिफेंडिंग चैंपियन है और फिर से इस कप पर कब्जा जमाने का प्रबल दावेदार है. टी-20 विश्व कप की शुरुआत साल 2007 में हुई थी. भारत अभी तक दो बार इस विश्व कप पर कब्जा जमा चुका है. भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अभी तक 52 मुकाबले खेले हैं. इसमें से 35 में जीत मिली है जबकि 15 में हार का सामना करना पड़ा है. भारत का विनिंग प्रतिशत 67.31 है. 

टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीमें
1. भारत: टीम इंडिया अभी तक टी-20 विश्व कप दो बार जीत चुकी है. भारत ने पहली बार साल 2007 में पाकिस्तान को 5 रनों से हराकर इस कप पर कब्जा जमाया था. इसके बाद साल 2024 में भारत ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराकर कप अपने नाम किया था.

2. इंग्लैंड: इस देश ने साल 2010 में टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया था. इसके बाद इंग्लैंड ने 2022 में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर कप पर कब्जा जमाया था.

3. वेस्टइंडीज: इस देश ने 2012 में श्रीलंका को 36 रनों से हराकर पहली बार टी-20 विश्व कप जीता था. इसके बाद वेस्टइंडीज ने 2016 में फाइनल मैच में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर कप पर कब्जा जमाया था.

4. ऑस्ट्रेलिया: इस देश ने 2021 में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर  टी-20 विश्व कप पर कब्जा जमाया था.

5. श्रीलंका: इस देश ने साल 2014 में फाइनल मैच में भारत को 6 विकेट से हराकर टी-20 विश्व कप अपने नाम किया था.

6. पाकिस्तान: इस देश ने साल 2009 में श्रीलंका को 8 विकेट से  फाइनल मैच में हराकर कप पर कब्जा जमाया था.

भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से 
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को ग्रुप ए में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड की टीमें हैं. 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से है. यूएस के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड है. टी-20 विश्व कप में भारत और यूएस के बीच की इस बार दूसरी भिड़ंत होगी. इससे पहले खेला एक मुकाबला भारत ने जीता था.

पाकिस्तान को 8 में से 7 बार हरा चुका है भारत 
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ धांसू रिकॉर्ड है. टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं. इसमें भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि पाक को सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है. इस तरह से भारत का पलड़ा 7-1 से भारी है.  

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत-हार का अंतर 5-2 का
भारत का टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी रिकॉर्ड शानदार है. भारत ने इस टीम के साथ टी-20 विश्व कप में कुल 7 मैच खेले हैं. इसमें से भारत को 5 मैचों में जीत मिली है जबकि साउथ अफ्रीका को सिर्फ दो मैच में जीत मिली है. इस तरह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत-हार का अंतर 5-2 का है.

भारत ने अफगानिस्तान को हराया है हर बार  
भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है. भारत और अफगानिस्तान के बीच इस विश्व कप में कुल चार मैच खेले जा चुके हैं. इसमें भारत को सभी मैचों में जीत मिली है. आयरलैंड के खिलाफ भी भारत की जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है. दोनों देशों के बीच अभी तक दो बार टी-20 विश्व कप में टक्कर हुई है. भारत ने दोनों मैच अपने नाम किया है. बांग्लादेश की टीम इस बार टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है लेकिन इस देश के खिलाफ भी भारत की जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है. दोनों देशों के बीच हुए पांच मैचों में सभी में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है. नीदरलैंड्स, नामीबिया, जिम्बाब्वे और स्कॉटलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया ने सिर्फ एक-एक मैच खेले हैं और उसे जीते हैं.

ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड पर भारत का पलड़ा भारी
टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भी पलड़ा भारी है. टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक टी-20 विश्व कप में 6 बार टक्कर हो चुकी है. इसमें चार बार भारत को जीत मिली है जबकि दो बार ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है. इस तरह से भारत का 4-2 से ऑस्ट्रेलिया पर पलड़ा भारी है. भारत का पलड़ा इंग्लैंड पर भी भारी है. टी-20 विश्व कप में दोनों देशों के बीच कुल पांच मैच खेले गए हैं. इसमें भारत को तीन मैचों में जीत और इंग्लैंड को दो में जीत मिली है. 

वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ ऐसा है भारत का रिकॉर्ड 
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 विश्व कप में कुल चार मैच खेले हैं. इसमें से भारत को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है जबकि तीन मैचों में वेस्टइंडीज ने भारत को हराया है. उधर, भारत टी-20 विश्व कप में  न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीम को कभी नहीं हरा पाया है. भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में हार मिली है. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच खेले हैं और तीनों में हार मिली है.

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.

 

Read more!

RECOMMENDED