भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला जीत कर 1-0 की बढ़त बना ली है. श्रीलंका के खिलाफ गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में 15 से 19 अगस्त 2026 के बीच खेला गया पहला टेस्ट भारत का 600वां टेस्ट मैच था. भारत ने इस मैच में 165 रनों से जीत दर्ज की. देवदत्त पडिकल की शानदार बल्लेबाजी और मानव सुथार की धारदार गेंदबाजी ने भारतीय टीम को 600वें टेस्ट मैच में जीत का ताज पहनाया. आज हम आपको बता रहे हैं 1932 में अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने से लेकर साल 2026 तक भारतीय टीम का कैसा प्रदर्शन रहा है?
आपको मालूम हो कि भारतीय टीम का टेस्ट मैच में अभी तक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. सुनील गावस्कर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, एमएस धोनी, विराट कोहली से लेकर शुभमन गिल तक कई दिग्गजों ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. भारतीय टीम अपने 94 सालों के टेस्ट मैच के इतिहास में कुल 187 मैच जीते हैं. भारत का शुरू में जीत का आंकड़ा उतना अच्छा नहीं रहा. शुरुआती 100 मैचों को देखे तो भारतीय टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. इस दौरान टीम इंडिया सिर्फ 10 मैच ही जीत सकी थी. भारत ने अपने 300वें टेस्ट मैच के बाद जीत की रफ्तार बढ़ाई. भारत ने 301वें टेस्ट मैच से लेकर 600वें टेस्ट के बीच कुल 131 मैच जीते. इसके मुकाबले पहले टेस्ट मैच से लेकर 300 टेस्ट मैच तक भारत ने सिर्फ 56 मैच जीते थे.
टेस्ट मैच में अब तक भारत का कैसा रहा प्रदर्शन
टीम इंडिया की यदि पहले मैच टेस्ट मैच से शुरुआती 100 टेस्ट मैचों के प्रदर्शन को देखें तो भारतीय टीम को इस दौरान सिर्फ 10 मैचों में जीत मिली थी. भारत को 40 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि भारतीय टीम 50 मैच ड्रॉ कराने में सफल रही थी. भारतीय टीम में शुरुआती 100 मैचों के बाद अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया.
भारतीय टीम ने 101 से 200 टेस्ट मैचों के बीच कुल 25 जीत दर्ज की. इस दौरान 32 मैचों में हार का सामना करना पड़ा जबकि 43 मैच ड्रॉ रहे. भारतीय टीम ने 201 टेस्ट से 300 टेस्ट मैच के बीच कुल 21 जीत दर्ज की. इस दौरान 26 मैचों में हार का सामना करना पड़ा जबकि 52 में ड्रॉ रहे. एक मुकाबला टाई रहा. भारतीय टीम ने 401 टेस्ट मैच से 500 टेस्ट मैचों के बीच कुल 42 जीत दर्ज की. इस दौरान भारतीय टीम को 28 मैचों में हार का सामना करना पड़ा जबकि 30 मैच ड्रॉ रहे. भारतीय टीम ने 510 से 600 टेस्ट मैचों के बीच कुल 57 जीत हासिल की. इस दौरान भारत को 31 मैचों में हार का सामना करना पड़ा जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे.
भारत का 600 टेस्ट मैचों का सफर 6 पड़ावों में
पहला टेस्ट मैच: भारत ने पहला टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ साल 1932 में लॉर्डस में खेला था. इस मैच को इंग्लैंड ने 158 रनों से जीता था.
100वां टेस्ट: भारत ने अपना 100वां टेस्ट भी इंग्लैंड से खेला था. बर्मिंघम में साल 1967 में आयोजित इस टेस्ट मैच को इंग्लैंड ने 132 रनों से जीता था.
200वां टेस्ट: भारत ने अपना 200वां टेस्ट पाकिस्तान के खिलाफ 1982 में लाहौर में खेला था. यह मैच ड्रॉ रहा था.
300वां टेस्ट: टीम इंडिया 300वां टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 1996 में अहमदाबाद में खेला था. भारत ने इस मैच को 64 रनों से जीता था.
400वां टेस्ट: भारत ने अपना 400वां टेस्ट मैच वेस्टइंडीज से किंग्स्टन में साल 2006 में खेला था. इस मैच में भारत को 49 रनों से जीत मिल थी.
500वां टेस्ट: भारत ने अपना 500वां टेस्ट मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2016 में कानपुर में खेला था. इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 197 रनों से जीता था.
600वां टेस्ट: भारत ने अपना 600वां टेस्ट मैच श्रीलंका के खिलाफ साल 2026 में गॉल में खेला. इस मैच में भारत को 165 रनों से जीत मिली.