इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में 25 अप्रैल दिन शनिवार को दो मैच होने वाले हैं. कुल चार टीमों के बीच मुकाबला होने वाला है. पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच और दूसरा मैच राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाना है. इस टूर्नामेंट में अब तक 34 मैच खेले जा चुके हैं. इस बार आईपीएल में बल्लेबाज चौके और छक्कों की बारिश कर रनों का अंबार लगा रहे हैं. आज हम पांच ऐसे बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं, जो आईपीएल 2026 में शतक लगा चुके हैं. एक बल्लेबाज ने तो दो बार शतक लगाया है.
1. संजू सैमसन
चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. आईपीएल 2026 में वह दो शतक ठोक चुके हैं. उन्होंने 11 अप्रैल 2026 को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 56 गेंदों में 4 छक्कों और 15 चौकों की मदद से 115 रनों की नाबाद पारी खेली थी. संजू की विस्फोटक बल्लेबाजी के बदौलत सीएसके ने दो विकेट खोकर 212 रन बनाए थे. उधर, दिल्ली कैपिटल्स 189 रन ही बना सकी. इस तरह से सीएसके ने मैच 23 रनों से जीत लिया. इसके बाद संजू सैमसन मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक जड़ा था. वानखेड़े स्टेडियम में संजू ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की थी. संजू ने इस मैच में सिर्फ 54 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के मारे थे.
2. क्विंटन डिकॉक
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक भी आईपीएल 2026 में शतक लगा चुके हैं. उन्होंने 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ 60 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी. क्विंटन डिकॉक के रनों के बदौलत एमआई ने 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे. हालांकि डिकॉक की यह पारी भी मुंबई टीम को जीत नहीं दिला सकी. पंजाब ने 16.3 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाकर मैच जीत लिया था.
3. तिलक वर्मा
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी तिलक वर्मा भी आईपीएल 2026 में शतक जड़ चुके हैं. तिलक वर्मा ने 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मैच में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से नाबाद 101 रन की पारी खेली. तिलक वर्मा का यह आईपीएल करियर का पहला शतक था. तिलक वर्मा की शतक के बदौलत मुंबई टीम को 199/5 के स्कोर तक पहुंच पाई. इसके जवाब में जीटी टीम 15.5 ओवरों में सिर्फ 100 रन पर आउट हो गई. इस तरह से मुंबई ने यह मैच 99 रनों से जीत लिया.
4. अभिषेक शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी आईपीएल में शतक लगा चुके हैं. अभिषेक शर्मा ने 21 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए थे. अभिषेक शर्मा की इस पारी में 10 छक्के और 10 चौके शामिल रहे. अभिषेक की इस पारी के बदौलत सनराइजर्स ने दो विकेट खोकर 242 रन बनाए. इसके जवाब में दिल्ली 195 रन ही बना सकी. इस तरह से सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच 47 रनों से जीत लिया.
5. साई सुदर्शन
गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन भी आईपीएल 2026 में शतक ठोक चुके हैं. उन्होंने 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए शानदार सेंचुरी लगाई. सुदर्शन ने 57 गेंदों में शतक पूरा किया. इसके साथ ही साई सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक पूरा किया. साई सुदर्शन ने आईपीएल 2024 में पहली बार शतक बनाया था. इसके बाद आईपीएल 2025 में सेंचुरी जड़ी. अब आईपीएल 2026 में साई सुदर्शन ने सैकड़ा लगाया है.