ट्राई नेशन ए सीरीज 2026 में श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में इंडिया ए के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की हुई थी. इसको लेकर 15 साल के खिलाड़ी की खूब आलोचना हुई थी. टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी रहे संजय मांजरेकर ने सूर्यवंशी को टीम से बाहर करने तक की बात कह दी थी. लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी की तरफ से भी मांजरेकर के इस बयान पर रिएक्शन आया है. वैभव सूर्यवंशी ने संजय मांजरेकर को जवाब दिया है.
सूर्यवंशी का संजय मांजरेकर को जवाब-
वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संजय मांजरेकर के पोस्ट पर जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर वायरल हो रहे आधे-अधूरे वीडियो के आधार पर कोई राय नहीं बनाना चाहिए. इसके साथ ही संजय मांजरेकर के अनुभव का सम्मान भी किया है. सूर्यवंशी ने हाथ जोड़ने का इमोजी भी पोस्ट किया है. वैभव सूर्यवंशी ने पोस्ट में लिखा कि मैं आपके एक्सपीरियंस का बहुत सम्मान करता हूं. लेकिन प्लीज़, इंटरनेट पर वायरल हो रहे आधे-अधूरे वीडियो के आधार पर कोई राय न बनाएं.
संजय मांजरेकर ने क्या कहा था?
दिग्गज खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने मैदान पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की विवाद को लेकर वैभव सूर्यवंशी की कड़ी आलोचना की थी. उन्होंने यहां तक कह दिया था कि अगर मैं इंडिया ए का कोच या मैनेजर होता तो मैं सूर्यवंशी को अफगानिस्तान ए के खिलाफ अगले मैच से बाहर कर देता. संजय मांजरेकर का तर्क था कि ऐसा करने से उसे पता चलेगा कि मैदान पर किसी भी खिलाड़ी के साथ हाथापाई करना ठीक नहीं है, चाहे उसे किसी भी तरह से उकसाया गया हो.
मैदान पर क्या हुआ था?
ट्राई नेशन ए सीरीज में श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में ये वाक्या हुआ था. जब मैच खत्म हो गया और श्रीलंका की टीम जीत गई, उसके बाद बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे मैदान से बाहर लौट रहे थे. लेकिन तभी श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलम्बागे ने कमेंट किया था. उन्होंने कहा था कि मैच खत्म हो गया, अब घर जा. इसके बाद सूर्यांश और सूर्यवंशी वापस लौटे और श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़ गए. इस दौरान सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दिया. हालांकि बाकी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत किया.
ये भी पढ़ें: