Advertisement

Umesh Yadav Ranji Trophy: भारतीय क्रिकेट से बाहर चल रहे उमेश यादव की रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार वापसी, पंजाब के लिए खेलते ही चटकाए धड़ाधड़ विकेट

भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव ने रणजी ट्रॉफी में पंजाब की ओर से खेलते हुए असम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. दो साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वापसी करते हुए 38 वर्षीय उमेश ने 24 ओवरों में 70 रन देकर 5 विकेट झटके. असम की पहली पारी 373 रन पर सिमट गई.

पंजाब के लिए उमेश यादव ने खेला रणजी ट्रॉफी (Photo: Reuters)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:10 PM IST

टीम इंडिया से लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज उमेश यादव ने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया है. 38 साल के उमेश ने पंजाब की ओर से रणजी ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेलते हुए असम के खिलाफ पांच विकेट हासिल किए. न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में उनकी गेंदबाजी के सामने असम की पहली पारी 373 रन पर सिमट गई. उमेश ने दो साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वापसी करते हुए 24 ओवर में 70 रन देकर पांच विकेट लिए.

पहले दिन दो विकेट लेकर दिखाई धार
उमेश यादव ने मैच के पहले दिन ही अपनी गेंदबाजी से असर दिखाना शुरू कर दिया था. उन्होंने असम के ओपनर रिशव दास को बिना खाता खोले क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद राजवीर सिंह को 11 रन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे कैच आउट कराया. पहले दिन दो विकेट लेने के बाद उमेश ने दूसरे दिन भी अपनी लय बनाए रखी.

दूसरे दिन तीन विकेट लेकर पूरा किया पंजा
दूसरे दिन उमेश ने असम की पारी के निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने अमलनज्योति दास को शून्य, मुख्तार हुसैन को 11 और मोहित ठाकुर को एक रन पर आउट किया. इस तरह उन्होंने मैच में पांच विकेट पूरे किए. उमेश ने अपनी गेंदबाजी के दौरान सात मेडन ओवर भी डाले. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका 16वां पांच विकेट हॉल है.

असम के दो बल्लेबाजों ने बनाए शतक
उमेश की शानदार गेंदबाजी के बावजूद असम के बल्लेबाजों ने भी मुकाबले में संघर्ष किया. सिबसंकर रॉय ने नाबाद 143 रन बनाए, जबकि कप्तान डेनिश दास ने 103 रनों की पारी खेली. दोनों के शतकों की बदौलत असम की टीम 373 रन तक पहुंची. इसके बाद पंजाब ने अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी शुरू की.

विदर्भ छोड़ पंजाब से जुड़े उमेश
उमेश यादव ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर का बड़ा हिस्सा विदर्भ की टीम के साथ बिताया है. करीब दो साल बाद रणजी ट्रॉफी में लौटते हुए उन्होंने पंजाब का साथ चुना. नई टीम के लिए पहले ही मुकाबले में पांच विकेट लेकर उन्होंने अपने अनुभव का परिचय दिया.

भारत के लिए खेल चुके हैं 57 टेस्ट
उमेश यादव ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला जून 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेला था. इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर हैं. उन्होंने भारत के लिए 57 टेस्ट मैचों में 170 विकेट लिए हैं. वहीं, 75 वनडे में उनके नाम 106 विकेट और 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 12 विकेट दर्ज हैं. रणजी ट्रॉफी में उनका यह प्रदर्शन घरेलू क्रिकेट में उनकी वापसी को खास बनाता है. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement