Vaibhav Sooryavanshi: रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड... IPL में आग उगल रहा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, 4 मैचों में ठोके 200 रन, साथी खिलाड़ी से ही छीन ली ऑरेंज कैप

Vaibhav Sooryavanshi Orange Cap: आईपीएल 2026 में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा है. वैभव जब क्रीज पर होते हैं तो अच्छे-अच्छे गेंदबाज भी सोच में पड़ जाते हैं कि कैसे बॉलिंग करें. राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी वैभव 4 मैचों में ही 200 रन ठोक चुके हैं. वैभव ने गुवाहाटी में RCB के खिलाफ 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 26 बॉल पर 78 रन बनाए. इस तरह से उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल से ही ऑरेंज कैप छीन ली. 

Vaibhav Sooryavanshi
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 11 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:55 AM IST

Indian Premier League 2026: क्रिकेट की दुनिया में अभी हर तरफ 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का नाम छाया हुआ है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाड़ी वैभव हर टीम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं.

वैभव जब क्रीज पर होते हैं तो अच्छे-अच्छे गेंदबाज भी सोच में पड़ जाते हैं कि कैसे बॉलिंग करें. वैभव 4 मैचों में ही 200 रन ठोक चुके हैं.  वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में पहले चेन्नई को चित किया फिर मुंबई को मजे चखाए और अब बेंगलुरु की भी बैंड बजा दी. आईपीएल 2026 में सबसे अधिक 200 रन बनाकर वैभव जहां रनों के मामले में सबसे आगे हैं, वहीं  सबसे ज्यादा 18 छक्के जड़कर भी वो हर किसी से आगे हैं. वैभव ने 266 के स्ट्राइक रेट के साथ यहां भी फिलहाल सबको पीछे छोड़ा हुआ है.

वैभव ने फिर किया कमाल का प्रदर्शन 
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया. वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर चौके के साथ खाता खोला. जसप्रीत बुमराह को पहले ही ओवर में छक्के जड़ने के बाद वैभव ने कुछ ऐसा ही हाल जॉश हेजलवुड का भी किया.

वैभव ने इस मैच में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 26 बॉल पर 78 रन बनाए. इस दौरान वैभव ने सिर्फ 15 गेंदों पर फिफ्टी जमा दी और वैभव IPL में दो बार ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए. वैभव सूर्यवंशी ने अपने विस्फोटक पारी के बदौलत राजस्थान की जीत की कहानी लिख दी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिले 202 रनों के लक्ष्य को राजस्थान ने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया.आपको मालूम हो कि इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले में 97/1 का स्कोर बनाया, जो उनके IPL इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. यह इस सीजन में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर भी बन गया.

IPL 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
1. वैभव सूर्यवंशी: 200 रन 
2. यशस्वी जयसवाल: 183 रन 
3. ध्रुव जुरेल: 176 रन 
4. समीर रिजवी: 160 रन 
5. अंगकृष रघुवंशी: 155 रन

प्लेयर ऑफ द मैच बने वैभव सूर्यवंशी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार 78 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वैभव को जैसे ही यह अवॉर्ड मिला, उसी समय इस स्टार बल्लेबाज ने कहा कि वह ज्यादा जश्न नहीं मना पाएंगे. वैभव ने बताया कि वो देर तक इस पारी को सेलिब्रेट नहीं कर पाएंगे क्योंकि उन्हें सुबह जल्दी उठना है और इसके चलते ही उन्हें जल्दी सोना भी पड़ेगा. वैभव का मासूमियत भरा जवाब सुनकर सभी लोग उनके कायल हो गए.

IPL में सबसे तेज अर्धशतक (भारतीय बैटर)
13 गेंद: यशस्वी जयसवाल, RR बनाम KKR, कोलकाता, 2023
14 गेंद: केएल राहुल, पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, मोहाली, 2018
15 गेंद: यूसुफ पठान, KKR बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता, 2014
15 गेंद: वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, गुवाहाटी, 2026
15 गेंद: वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स बनाम आरसीबी, गुवाहाटी, 2026

वैभव ने जायसवाल से छिनी ऑरेंज कैप 
राजस्थान रॉयल्स की वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी आईपीएल 2026 के अपने मैच के पावरप्ले में लगातार नाबाद रही थी लेकिन बेंगलुरु के खिलाफ मैच में जायसवाल 8 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अकेले दम पर अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. वैभव ने अपनी 78 रनों की इस पारी के बदौलत जायसवाल से ऑरेंज कैप छीन ली. 


 

Read more!

RECOMMENDED