Advertisement

Vaibhav Suryavanshi Record: टीम इंडिया टी-20 सीरीज में अफगानिस्तान को हराने के लिए तैयार, वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर ये 5 बड़े रिकॉर्ड्स

India vs Afghanistan T20 Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज 13 सितंबर से खेली जानी है. इस सीरीज में भारत के 15 साल के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर एक-दो नहीं बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड्स हैं. वैभव सूर्यवंशी एक रिकॉर्ड तो सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में मैदान पर उतरते ही बना लेंगे. इस टी-20 सीरीज को शुरू होने से पहले आइए जानते हैं वैभव सूर्यवंशी कौन-कौन से रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं?

Vaibhav Suryavanshi Record
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 05 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:30 PM IST

Vaibhav Suryavanshi Can Set These Records in the Afghanistan T20 Series: भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) श्रीलंका से टेस्ट सीरीज जीत चुकी है. अब टीम इंडिया (Team India) को 3 मैचों की टी-20 सीरीज अफगानिस्तान से खेलनी है. पहला मैच 13 सितंबर 2026 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है.

इस टी-20 सीरीज (T20 Series) में भारतीय टीम का नेतृत्व श्रेयस अय्यर करेंगे. भारतीय टीम में 15 साल के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को भी शामिल किया गया है. वैभव इस टी-20 सीरीज में अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करते दिखेंगे. अफगानिस्तान के खिलाफ इस टी-20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर एक-दो नहीं बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड्स हैं. वैभव सूर्यवंशी एक रिकॉर्ड तो सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में मैदान पर उतरते ही बना लेंगे. इस टी-20 सीरीज को शुरू होने से पहले आइए जानते हैं वैभव सूर्यवंशी कौन-कौन से रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं?

वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर कौन-कौन रिकॉर्ड्स 

1. वैभव के पास पीयूष चावला से आगे निकलने का मौका 
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में गदर मचाने के बाद अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत साल 2026 में ही इंग्लैंड के दौरे पर की थी. वैभव ने सिर्फ 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल मैच खेलकर  दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का रिकॉर्ड तोड़ा था. आपको मालूम हो कि तेंदुलकर ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था. उस समय सचिन तेंदुलकर की उम्र 16 साल और 75 दिन थी.

अब वैभव सूर्यवंशी के पास अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक और उपलब्धि हासिल करने का मौका है. दरअसल, भारतीय धरती पर सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड अभी पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला के नाम दर्ज है. पीयूष चावला ने 9 मार्च 2006 को मोहाली के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलकर अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था. पीयूष चावला ने जब पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, उस समय उनकी उम्र 17 साल और 75 दिन थी. अब वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय सरजमीं पर डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बनने जा रहे हैं. 

2. सबसे कम उम्र में शतक जमाने का मौका 
वैभव सूर्यवंशी अभी तक 6 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 189.21 के स्ट्राइक रेट से कुल 193 रन बनाए हैं. इसमें वैभव के दो अर्धशतक  शामिल हैं. अब वैभव के पास टी-20I के इतिहास में सबसे युवा शतकवीर बनने का मौका है. अभी यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज लुआन ड्रे प्रीटोरियस के पास है.

20 साल 161 दिन की उम्र में लुआन ड्रे प्रीटोरियस ने नामीबिया के खिलाफ महज 52 गेंदों में शतक ठोककर सबसे कम उम्र में शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया था. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही टी-20 सीरीज में शतक जड़कर प्रीटोरियस का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी टी-20 इंटरनेशनल मैच में जैसे ही शतक लगाएंगे वह सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.

3. टी-20 में 150 छक्के पूरे करने से दो कदम दूर 
वैभव सूर्यवंशी अपनी छक्के लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. वैभव अभी तक टी-20 क्रिकेट में कुल 148 छक्के लगा चुके हैं. इस तरह से वह 150 छक्कों से सिर्फ दो कदम दूर हैं. आपको मालूम हो कि वैभव ने अभी तक 40 टी-20 मैचों में 42.82 की औसत से कुल 1670 रन बनाए हैं.

वैभव सूर्यवंशी के नाम 4 शतक और 8 अर्धशतक हैं. वैभव के टी-20 इंटरनेशनल मैचों में  रनों की बात करें तो वह अबतक 6 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलकर कुल 193 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम दो अर्धशतक शामिल हैं. आपको मालूम हो कि वैभव सूर्यवंशी ने 23 IPL मैचों में 44.69 की औसत से कुल 1028 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने दो शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं.

4. साल 2026 में 100 टी-20 छक्के पूरे करने का मौका
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2026 में अभी तक टी-20 क्रिकेट में 86 छक्के लगाए हैं. वह साल 2026 में 100 छक्के पूरे करने से महज 14 छक्के दूर हैं. भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज में यदि वैभव का बल्ला चला तो वह 14 छक्के यूं ही जड़ देंगे. आपको मालूम हो कि वैभव सूर्यवंशी से आगे फिन एलन (99 छक्के), रयान रिकेल्टन (96 छक्के), मिचेल मार्श (95 छक्के) और निकोलस पूरन (90 छक्के) हैं.

5. वैभव का यह रिकॉर्ड भी कर रहा इंतजार
वैभव सूर्यवंशी ने इस साल यानी 2026 में 22 टी-20 मैचों में 44.04 की औसत से कुल 969 रन बनाए हैं. इस दौरान वैभव ने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं. वैभव सूर्यवंशी साल 2026 में 1000 रन बनाने से सिर्फ 31 रन दूर हैं. भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज में वैभव यदि यह उपलब्धि हासिल करते हैं तो वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे.

इस साल सबसे अधिक रन बनाने के मामले में वैभव से आगे भारतीय बल्लेबाजों में ईशान किशन (1414 रन) और अभिषेक शर्मा (1077 रन) हैं. साल 2026 में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में मिचेल मार्श पहले स्थान पर हैं. वह 1544 रन बना चुके हैं. 

भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज का शेड्यूल

  • पहला टी-20 मैच: 13 सितंबर 2026 (शाम 7:00 बजे), अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली 
  • दूसरा टी-20 मैच: 15 सितंबर 2026 (शाम 7:00 बजे), अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
  • दूसरा टी-20 मैच: 15 सितंबर 2026 (शाम 7:00 बजे), अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली

अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि विश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement