Most T20 Sixes in 2026: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया है. यह मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर खेला गया. जिम्बाब्वे ने पहले बैटिंग करते हुए भारत को जीत के लिए 126 रनों का लक्ष्य दिया था. वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बदौलत भारत ने यह मैच 13.2 ओवर में 3 विकेट खोकर ही जीत लिया. इस तरह से भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
वैभव ने तोड़ा यह रिकॉर्ड
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने पहला इंटरनेशनल अर्धशतक लगाया. वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 50 रन बनाकर 15 साल 118 दिन की उम्र में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे कम उम्र में अर्द्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना दिया. वैभव ने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस (16 वर्ष 56 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा. आपको मालूम हो कि वैभव पहले ही 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए सबसे युवा भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन चुके हैं.
2026 में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले बने भारतीय बल्लेबाज
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया. उन्होंने बिना किसी दबाव के जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की गेंदों पर लगातार बड़े शॉट लगाए. वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा कर लिया. वैभव की इस पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वैभव ने 263.16 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए. वैभव सूर्यवंशी साल 2026 में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. वह 2026 में अभी तक 81 छक्के टी-20 में लगा चुके हैं. आपको मालूम हो कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 72 छक्के लगाते हुए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा था. इस साल वैभव टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं. इस मामले में दुनियाभर में वैभव सिर्फ फिन एलन (90 छक्के) से ही पीछे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल में 4 छक्के लगाए और इस साल 80 छक्कों का आंकड़ा पार किया. उधर, जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी-20 में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने भी दो छक्के लगाए और साल 2026 में अपने 71 टी-20 छक्के पूरे किए. इस साल सबसे अधिक छक्के मारने में अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं.
साल 2026 में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले भारतीय
1. वैभव सूर्यवंशी: 81 छक्के
2. अभिषेक शर्मा: 74 छक्के
3. इशान किशन: 71 छक्के
4. संजू सैमसन: 52 छक्के
5. शिवम दुबे: 49 छक्के
वैभव के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में इतने रन
वैभव सूर्यवंशी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक एक अर्धशतक समेत 4 पारियों में 92 रन दर्ज हैं. उनका औसत 23 का है और स्ट्राइक रेट 209.10 का है. वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9 छक्के और 5 चौके लगाए हैं.