Commonwealth Games
Commonwealth Games
Commonwealth Games History: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में होने जा रही है. इस बार 2 अगस्त 2026 तक इसका आयोजन होगा. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 74 देशों के 3000 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इस बार भारत के कुल 126 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं.
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलों की संख्या घटा दी गई है. क्रिकेट, हॉकी, कुश्ती, बैडमिंटन, शूटिंग, टेबल टेनिस और स्क्वैश जैसे खेल इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा नहीं है. CWG 2026 में 10 खेलों में कुल 215 गोल्ड मेडल सहित कुल 1168 पदक दांव पर होंगे. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन काफी ऐतिहासिक रहा है. यहां आप जान सकते हैं भारत ने कब कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला गोल्ड मेडल जीता था और अभी तक किस खिलाड़ी ने सबसे अधिक पदक जीते हैं?
भारत ने 1934 में कॉमनवेल्थ गेम्स में किया था डेब्यू
कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत साल 1930 में हुई थी. उस समय इस खेल के महासंग्राम का आयोजन कनाडा के हैमिल्टन में हुआ था. हालांकि उस समय इसका नाम कॉमनवेल्थ गेम्स नहीं बल्कि ब्रिटिश एम्पायर गेम्स था. इस पहले संस्करण में ब्रिटिश साम्राज्य से जुड़े 11 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था. इस गेम्स का नाम साल 1954 में बदलकर ब्रिटिश एम्पायर एंड कॉमनवेल्थ गेम्स कर दिया गया.
फिर 1970 में इसका नाम ब्रिटिश कॉमनवेल्थ गेम्स रखा गया. 1978 से इस गेम्स को कॉमनवेल्थ गेम्स के नाम से जाना जाता है. आपको मालूम हो कि कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हर 4 साल में होता है. भारत ने 1934 में कॉमनवेल्थ गेम्स में डेब्यू किया था. भारत 1930, 1950, 1962 और 1986 के कॉमनवेल्थ गेम्स को छोड़कर अन्य सभी एडिशन में भाग लिया है. भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में अब तक कुल 564 मेडल जीते हैं. भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स के अब तक इतिहास में कुल 564 मेडल अपने नाम किए हैं. इसमें 203 गोल्ड मेडल, 190 सिल्वर और 171 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने कब जीता था पहला गोल्ड मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सबसे पहला पदक जीतने की बात करें तो भारत ने ऐसा साल 1934 में लंदन गेम्स में किया था. उस समय पहलवान राशिद अनवर ने कुश्ती में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया था. भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स में पहला गोल्ड मेडल जीतने की बात करें तो भारत ने पहला स्वर्ण पदक 1958 में जीता था.
महान धावक और फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह ने 1958 में कार्डिफ में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था. मिल्खा सिंह ने 440 गज की रेस में हिस्सा लिया था और उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 46.71 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया था. मिल्खा सिंह ने साउथ अफ्रीका के एथलीट मैलकम क्लाइव स्पेंस को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.
शूटर जसपाल राणा के नाम दर्ज है यह रिकॉर्ड
भारत के लिए सबसे अधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड शूटर जसपाल राणा के नाम है. जसपाल राणा ने 1994 से लेकर 2006 तक कुल 4 कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और इस दौरान कुल 15 पदकों पर अपना कब्जा जमाया. जसपाल राणा ने 9 गोल्ड मेडल, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं. आज तक कोई भी दूसरा भारतीय एथलीट 15 पदक जीतने के आंकड़े को नहीं छू सका है. इस तरह से आज तक यह रिकॉर्ड पिस्टल शूटर जसपाल राणा के नाम दर्ज है.