उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके के क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज है. वाराणसी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बन रहा है. इस स्टेडियम को बनाने का काम तेजी से चल रहा है. इसका 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है. जल्द ही स्टेडियम में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और पूर्वांचल के इस पहले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ी खेलते हुए दिखाई देंगे.
स्टेडियम का 90 फीसदी काम पूरा-
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वाराणसी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बना रहा है. इस स्टेडियम का संचालना बीसीसीआई ही करेगा. इसका निर्माण कार्य 90 फीसदी पूरा हो चुका है और जल्द ही ये पूरा बनकर तैयार हो जाएगा. यह यूपी का तीसरा और पूर्वांचल का पहला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम है. उम्मीद है कि इस साल के अंत तक ये पूरा हो जाएगा. हालांकि इसे अपने निर्धारित समय 2025 तक ही पूरा हो जाना चाहिए था. लेकिन इसमें समय लग रहा है. ये स्टेडियम पूरी तरह से काशी, गंगा और शिव की थीम पर तैयार हो रहा है.
कब तक बनकर तैयार हो जाएगा स्टेडियम-
यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 30.86 एकड़ भूमि पर बन रहा है. स्टेडियम की जमीन किसानों से 121 करोड़ रुपए में यूपी सरकार ने ली है. जिसपर BCCI 330 करोड़ की लागत से स्टेडियम बनाकर तैयार करेगा. यह काम दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा. जहां तक बनावट की बात है तो स्टेडियम अपने आप में देश का ऐसा पहला स्टेडियम है, जो काशी, गंगा और भोले नाथ से प्रेरित है.
कैसा होगा ये स्टेडियम-
क्रिकेट स्टेडियम की छत अर्धचंद्राकार है, तो वहीं, फ्लड लाइट त्रिशुलनुमा है, लॉज डमरू की आकृति में तैयार किया जा रहा है और आगमन के रास्ते विल्वपत्र की आकृति में है. इतना ही नहीं, 30 हजार लोगों की क्षमता वाले इस क्रिकेट स्टेडियम के दर्शक दीर्घा में बैठने की व्यवस्था गंगा घाट की सीढ़ियों जैसा है. यानि आधुनिकता के साथ ही काशी की संस्कृति और भोले की नगरी की झलक इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को पूरे देश में अलग पहचान दिला रही है.
साल 2023 में पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को पूर्वांचल का पहला और यूपी के तीसरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास वाराणसी के राजातालाब तहसील के तहत आने वाले गंजारी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए किया था.
ये भी पढ़ें: