Advertisement

World Cup 2023: इकाना स्टेडियम में विजय रथ को जारी रखने उतरी है टीम इंडिया, इंग्लैंड के खिलाफ कैसा है रिकॉर्ड्स, यहां जानें पिच रिपोर्ट से लेकर सब कुछ

India vs England, World Cup 2023: वनडे में भारत और इंग्लैंड के बीच कुल 106 मैच हुए हैं. इसमें से 57 मैचों में भारतीय टीम को जीत मिली है तो वहीं 44 मैच इंग्लैंड की टीम जीतने में सफल रही है. वर्ल्ड कप मुकाबलों में इंग्लिश टीम का रिकॉर्ड बेहतर है.

इकाना स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड के बीच महामुकाबला
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 2:28 PM IST
  • रोहित ब्रिगेट के पांच जीत के साथ हौसले बुलंद
  • वनडे मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी 

विश्व कप 2023 में विजय रथ पर सवार टीम इंडिया आज यानी 29 अक्टूबर को डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को हराने के लिए के लिए लखनऊ के इकाना स्टेडियम में उतरी है. टीम इंडिया ने अपने सभी पांच मुकाबले जीते हैं. वहीं, इंग्लैंड टीम अपने पांच में से चार मैच हार चुकी है. भारत के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है. बटलर ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है.

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी ही चुनते, क्योंकि चेज करते हुए टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में टीम खुद को चुनौती देना चाहती है. रोहित ने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है. इंग्लैंड आज का मैच हारता है तो टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो जाएगा. आइए दोनों टीमों के रिकॉर्ड्स से लेकर पिच रिपोर्ट तक के बारे में जानते हैं.

भारत बनाम इंग्लैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक वनडे में 106 मुकाबले हुए हैं. इनमें से भारतीय टीम ने 57 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड के हिस्से महज 44 जीत आई है. 3 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल पाया है. 2 मैच टाई रहे हैं. यानी हेड टू हेड मुकाबलों में टीम इंडिया इंग्लैंड पर हावी रही है. हालांकि वर्ल्ड कप मुकाबलों में इंग्लिश टीम का रिकॉर्ड बेहतर रहा है. वर्ल्ड कप में टीम इंडिया और इंग्लैंड 8 बार भिड़ी हैं. यहां 4 बार इंग्लैंड और 3 बार टीम इंडिया को जीत मिली है. एक मुकाबला टाई रहा है.

इंग्लैंड को हराने के लिए बदलना होगा इतिहास 
वर्ल्ड कप 2023 में अबतक टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है. रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने अपने सभी पांचों मैच में जीत हासिल की है. ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की नजर जीत की डबल हैट्रिक लगाने पर है. लेकिन भारत ने इंग्लैंड को वनडे वर्ल्ड कप में 20 साल से नहीं हराया है. भारत ने आखिरी बार इंग्लैंड को साल 2003 में हराया था. वर्ल्ड कप 2007 और वर्ल्ड कप 2015 में दोनों टीमों का आमना-सामना नहीं हुआ था. 

2011 में मुकाबला टाई रहा था और 2019 में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इंग्लैंड को इस विश्व कप में हराने के लिए भारत को इतिहास बदलना होगा. इस वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम का परफॉर्मेंस कोई खास नहीं रही है. वहीं, भारत ने अबतक शानदार परफॉर्मेंस किया है. ऐसे में यकीनन भारतीय टीम इस मैच को जीतने की दावेदार नजर आ रही है.

लखनऊ के मौसम का हाल
लखनऊ में मौसम रविवार को साफ रहेगा. हालांकि, आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा. आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बारिश की संभावना पांच फीसदी से भी कम है.

कैसी होगी इकाना की पिच
इकाना स्टेडियम की पिच गेंदबाजों को ज्यादा फायदा देती है. इस मैदान पर कुल 12 वनडे मैच हुए हैं जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम को 3 मैचों मे जीत मिली है. पहले बॉलिंग करने वाली टीम को 9 मैचों में जीत हासिल हुई है. आईपीएल 2023 के दौरान तो इकाना स्टेडियम पर गेंदबाज पूरी तरह हावी थे. बल्लेबाजों को एक-एक रन के लिए जूझना पड़ता था. लेकिन अब पिच बेहतर हुई है. हालांकि अभी भी यह बेंगलुरु या मुंबई जैसी नहीं है. 

गेंदबाजों के लिए काफी मदद रहती है. कई बार गेंद रुककर आती है और इसी वजह से बल्लेबाज बेधड़क बल्ला नहीं भांज सकते. पिच में स्पिन के लिए मदद रहनी तय है. इस वर्ल्ड कप में खूब रन बन रहे हैं लेकिन इकाना स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के मुकाबले में 300 रन विनिंग टोटल हो सकता है. पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 300 रन बना दिए तो उसकी जीत तय ही होगी. 

कहां देख सकते हैं मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच विश्व कप मैच का लाइव टेलिकास्ट आप ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स के चैनल स्टार स्पोर्ट्स HD 1 और स्टार स्पोर्ट्स HD 2 पर देख सकते हैं. आप इन चैनल पर अंग्रेजी और हिंदी में कमेंट्री भी सुन सकते हैं. मैच की ओटीटी में लाइव स्ट्रीमिंग आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं. मैच देखने के लिए आपको कोई सब्सक्रिप्शन फीस नहीं देनी होगी. आप फ्री में ये मैच देख सकते हैं. 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव.

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कप्तान/विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोईन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल रशीद, मार्क वुड.
 

1. सबसे बड़ा स्कोर

भारत- 387/5 (राजकोट, 2008)
इंग्लैंड- 366/8 (कटक, 2017)

2. सबसे छोटा स्कोर
भारत- 132 (लॉर्ड्स, 1975)
इंग्लैंड- 110 (ओवल, 2022)

3. सबसे ज्यादा रन
भारत- महेंद्र सिंह धोनी (1546 रन)
इंग्लैंड- इयान बेल (1163 रन)

4. सबसे ज्यादा छक्के
भारत- महेंद्र सिंह धोनी (34 छक्के)
इंग्लैंड- जॉनी बेयरस्टो (26 छक्के)

5. सबसे ज्यादा विकेट
भारत- रविंद्र जडेजा (38 विकेट)
इंग्लैंड- जेम्स एंडरसन (40 विकेट)

6. सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी
भारत- युवराज सिंह (150 रन)
इंग्लैंड- एंड्रयू स्ट्रॉस (158 रन)

7. बेस्ट बॉलिंग
भारत- जसप्रीत बुमराह (19/6)
इंग्लैंड- रीस टॉपले (24/6)

8. सबसे बड़ी जीत (रन)
भारत- 158 रन
इंग्लैंड- 202 रन


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement