Advertisement

Smartphone Market Trends: 5G स्मार्टफोन छोड़ 4G फोन्स की तरफ लौटे ग्राहक, जानें क्यों बदली स्मार्टफोन मार्केट की तस्वीर

5G फोन महंगे होने से कम बजट वाले ग्राहक अब 4G स्मार्टफोन की ओर लौट रहे हैं. छोटे शहरों में इसकी मांग बढ़ी है और कंपनियां भी कम कीमत वाले 4G मॉडल पर फोकस कर रही हैं.

smartphone
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:55 PM IST

अगर आप भी नया स्मार्टफोन लेने का सोच रहे हैं तो एक बात आपको हैरान कर सकती है. जहां अब तक 5G फोन को लेकर लोगों में काफी क्रेज था, वहीं कम बजट में फोन खरीदने वाले ग्राहक एक बार फिर 4G की तरफ जाते दिख रहे हैं. 5G फोन की बढ़ती कीमतों के बीच लोग अब ऐसा फोन लेना पसंद कर रहे हैं, जिसमें जरूरी फीचर्स मिलें और जेब पर भी ज्यादा बोझ न पड़े. आखिर क्यों बदल रहा है ग्राहकों का मन और क्या है इसके पीछे की वजह, आइए जानते हैं

4G फोन की हिस्सेदारी अचानक बढ़ी
स्मार्टफोन शिपमेंट में 4G फोन की हिस्सेदारी पिछली तिमाही के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई है. IDC के आंकड़ों के मुताबिक, Q2 2026 में 4G फोन की हिस्सेदारी 11.1 फीसदी रही, जो पिछली तिमाही यानी Q1 में 5.8 फीसदी थी. दूसरी तिमाही में भी 4G फोन की शिपमेंट तिमाही आधार पर 40 फीसदी बढ़ी है.

5G फोन क्यों पड़ रहे हैं महंगे?
इसके पीछे सबसे बड़ी वजह फोन बनाने की बढ़ती लागत बताई जा रही है. मेमोरी की कीमत, दूसरे कंपोनेंट्स की महंगाई और रुपये की कमजोरी ने खास तौर पर 15 हजार रुपये से कम कीमत वाले 5G फोन बनाना कंपनियों के लिए मुश्किल कर दिया है. यही वजह है कि ब्रांड अब इसी बजट में 4G मॉडल पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं.

छोटे शहरों में ज्यादा असर
महंगे होते 5G फोन का असर खास तौर पर Tier-2, Tier-3 और Tier-4 शहरों के ग्राहकों पर दिखाई दे रहा है. बढ़ती कीमतों की वजह से बजट ग्राहक 5G की जगह कम कीमत वाले 4G फोन की ओर जा रहे हैं. आसान फाइनेंसिंग में दिक्कत भी कुछ खरीदारों के लिए एक वजह बन रही है.

5G और 4G की कीमत में कितना अंतर?
IDC के आंकड़ों के अनुसार, Q2 में 5G स्मार्टफोन की औसत बिक्री कीमत 341 डॉलर रही, जबकि 4G फोन की औसत कीमत 109 डॉलर थी. यानी दोनों के बीच कीमत का अंतर काफी बड़ा है. इतना ही नहीं, एक साल में 4G फोन की औसत कीमत भी 47.9 फीसदी बढ़ी, जबकि 5G फोन की कीमत में 15.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

कंपनियां फिर 4G मॉडल क्यों ला रही हैं?
कंपनियों के लिए 4G पर लौटना 5G को छोड़ना नहीं, बल्कि कम कीमत वाले सेगमेंट में बने रहने का तरीका है. इसके लिए कुछ ब्रांड पुराने लेकिन कम खर्च वाले कंपोनेंट्स, जैसे LCD डिस्प्ले और LPDDR4x मेमोरी का इस्तेमाल कर रहे हैं. Vivo, Oppo, Itel और Infinix के साथ Motorola और Samsung जैसे ब्रांड भी इस सेगमेंट में मौजूद हैं.

4G फोन से किसे सबसे ज्यादा फायदा?
सस्ते 4G फोन उन लोगों के लिए काम के साबित हो रहे हैं जिन्हें रोजमर्रा के लिए GPS, ऐप्स, इंटरनेट और अच्छी बैटरी चाहिए, लेकिन 5G स्पीड के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने. डिलीवरी पार्टनर, कैब ड्राइवर और लॉजिस्टिक्स से जुड़े शहरी कर्मचारी भी इस कैटेगरी के बड़े खरीदारों में शामिल हैं.

ऑनलाइन बिक्री ने भी बढ़ाई मांग
बजट सेगमेंट में नए और दोबारा बाजार में उतरने वाले ब्रांड ऑनलाइन लॉन्च और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए 4G फोन की बिक्री बढ़ा रहे हैं. हालांकि पहली बार फोन खरीदने वाले बजट ग्राहक अभी भी स्थानीय यानी मेनलाइन मोबाइल दुकानों पर काफी निर्भर हैं.

त्योहारों में और बढ़ सकती है 4G की मांग
आने वाले फेस्टिव सीजन में भी 4G फोन की मांग मजबूत रहने का अनुमान है. जानकारों के मुताबिक, बजट ग्राहक इस दौरान कम कीमत वाले फोन तलाशेंगे और 5G मॉडल पर कंपनियों के लिए बड़ी छूट देना मुश्किल होने से 4G को फायदा मिल सकता है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement