बारिश और उमस के मौसम में कार चलाना कई बार मुश्किल हो जाता है. सड़क पर पानी, कम विजिबिलिटी और ट्रैफिक के बीच अगर कार के शीशों पर धुंध जम जाए तो परेशानी और बढ़ जाती है. कई बार एसी चालू करते ही आगे की विंडशील्ड या साइड के शीशों पर धुंध छा जाती है. इससे ड्राइवर को बाहर का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता और हादसे का खतरा बढ़ सकता है. हालांकि, ज्यादातर नई कारों में इस समस्या से निपटने के लिए डी-फॉगर या डिफ्रॉस्ट जैसा खास फीचर दिया जाता है. आइए जानते हैं यह कैसे काम करता है और बारिश में इसका इस्तेमाल कैसे करना चाहिए.
कार के शीशों पर क्यों जमती है धुंध
जब कार के अंदर एसी चलने से तापमान ठंडा हो जाता है और बाहर का मौसम गर्म और नमी वाला होता है, तो अंदर और बाहर के तापमान में अंतर पैदा हो जाता है. इसी वजह से शीशों की सतह पर मौजूद नमी छोटे-छोटे पानी के कणों के रूप में जमने लगती है. यही धुंध शीशे को धुंधला कर देती है. मानसून और सर्दियों के मौसम में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.
डी-फॉगर मिनटों में साफ कर देता है शीशा
अगर ड्राइविंग के दौरान आगे की विंडशील्ड पर धुंध जम जाए, तो कार में दिए गए डी-फॉगर या डिफ्रॉस्टर फीचर को ऑन करें. यह विंडशील्ड की तरफ हवा पहुंचाता है, जिससे शीशे पर जमा नमी तेजी से हटने लगती है. कुछ ही समय में शीशा साफ हो जाता है और सड़क फिर से स्पष्ट दिखाई देने लगती है. सुरक्षित ड्राइविंग के लिए यह फीचर बेहद उपयोगी है.
पीछे के शीशे पर बनी लाइनों का क्या है काम
कार के पीछे वाले शीशे पर बनी पतली-पतली लाइनें सिर्फ डिजाइन के लिए नहीं होती हैं. ये रियर डी-फॉगर सिस्टम का हिस्सा होती हैं. फीचर ऑन करने पर इन लाइनों में हल्की गर्मी पैदा होती है, जिससे पीछे के शीशे पर जमी नमी और धुंध हटने लगती है. बारिश के दौरान पीछे से आने वाले वाहनों को देखने में इससे काफी मदद मिलती है.
डी-फॉगर नहीं है तो अपनाएं ये तरीका
अगर आपकी कार में डी-फॉगर की सुविधा नहीं है, तो एसी का तापमान थोड़ा बढ़ा सकते हैं. इसके साथ फ्रेश एयर मोड चालू करें और जरूरत पड़ने पर खिड़की को थोड़ा खोल दें. इससे कार के अंदर और बाहर के तापमान और नमी में अंतर कम होगा और शीशों पर जमी धुंध धीरे-धीरे हटने लगेगी.
बारिश में ड्राइविंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
बारिश में कार चलाने से पहले सभी शीशों को अच्छी तरह साफ कर लें.
एसी को बहुत ज्यादा ठंडा रखने से बचें और जरूरत के अनुसार फ्रेश एयर मोड का इस्तेमाल करें.
अगर ड्राइविंग के दौरान अचानक शीशे पर धुंध जम जाए, तो पहले विजिबिलिटी साफ करें और उसके बाद ही आगे बढ़ें.
ये भी पढ़ें: