Advertisement

'औकात है तो शिकायत कर दो...' साइबर ठग ने खुद बताई ₹2.80 लाख की चोरी, बैंक पहुंचा बिजनेसमैन तो खाते से उड़ चुकी थी रकम

मामला गोविंद नगर निवासी ज्ञानू सिंह का है, जो डेयरी की डीलरशिप चलाते हैं. उनका कहना है कि 24 तारीख को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले ने कहा कि उसे उनका पैन कार्ड मिला है और उसने व्हाट्सऐप पर उसकी फोटो भेजी है.

Rs 2.8 lakh fraud
gnttv.com
  • कानपुर,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:16 PM IST
  • लिंक नहीं खोला फिर भी खाते से पैसे गायब
  • ठग ने दोबारा कॉल कर कहा- 'पैसे उड़ा दिए हैं, जो करना है कर लो

साइबर ठग अब सिर्फ लोगों को फंसाकर पैसे नहीं उड़ा रहे, बल्कि वारदात के बाद खुद फोन कर पीड़ितों को चुनौती भी दे रहे हैं. कानपुर में ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डेयरी कारोबारी के खाते से 2.80 लाख रुपए ट्रांसफर होने के बाद ठग ने खुद फोन कर कहा, 'तुम्हारी औकात हो तो 1930 पर शिकायत कर दो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा.' कारोबारी जब बैंक पहुंचे तो उनके खाते से सचमुच पूरी रकम गायब मिली.

न तो कोई लिंक खोला, न कोई ओटीपी शेयर किया
मामला गोविंद नगर निवासी ज्ञानू सिंह का है, जो डेयरी की डीलरशिप चलाते हैं. उनका कहना है कि 24 तारीख को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले ने कहा कि उसे उनका पैन कार्ड मिला है और उसने व्हाट्सऐप पर उसकी फोटो भेजी है. उसने बार-बार फोटो चेक करने और लिंक खोलने के लिए कहा, लेकिन ज्ञानू सिंह ने साफ इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि उन्हें पहले से साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी थी, इसलिए न तो कोई लिंक खोला, न कोई ओटीपी साझा किया और न ही बैंक संबंधी कोई जानकारी दी.

ठग की बात पर नहीं किया भरोसा, एहतियातन बैंक पहुंचे
ज्ञानू सिंह के मुताबिक, उन्होंने कॉल करने वाले को यह भी बता दिया कि वह कानपुर में नहीं, बल्कि गुरुग्राम में रहते हैं. इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और फोन कट गया. एहतियात के तौर पर वह इंडसइंड बैंक पहुंचे, जहां अधिकारियों ने भी उन्हें किसी भी लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी.

पैसे उड़ा दिए हैं, जो करना है कर लो
कुछ देर बाद उसी नंबर से फिर कॉल आया. इस बार ठग ने कहा, 'तुम्हारे खाते से 2 लाख 80 हजार रुपए उड़ा दिए हैं. अब 1930 पर शिकायत कर दो, देखता हूं कौन मेरा क्या कर लेता है.' यह सुनकर ज्ञानू सिंह दोबारा बैंक पहुंचे. खाते की जांच कराने पर पता चला कि उनके खाते से 2.80 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो चुके थे.

पीड़ित ने गोविंद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

-रंजय सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement