AI से न्यूड फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले, अहमदाबाद साइबर क्राइम ने दिल्ली से आरोपी को पकड़ा

आरोपी ने पहले इंस्टाग्राम के जरिए महिला से धार्मिक विषयों पर बातचीत शुरू की. बाद में उसने दोस्ती करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया और दूरी बना ली. इसके बाद आरोपी ने महिला का ऑनलाइन पीछा करना शुरू कर दिया.

AI morphed images
gnttv.com
  • अहमदाबाद ,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:22 PM IST

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से 27 वर्षीय सुमित शर्मा को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और उसकी मां की AI तकनीक की मदद से 100 से ज्यादा फर्जी न्यूड फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किए. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 78(2), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) व 67 के तहत केस दर्ज किया है.

फेक आईडी और यूट्यूब चैनल बनाकर किए पोस्ट
साइबर क्राइम ब्रांच के एसीपी हार्दिक मांकड़िया के मुताबिक, पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया था कि दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाए. इन अकाउंट्स और यूट्यूब चैनल्स पर महिला और उनकी मां की AI से मॉर्फ की गई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए गए. इस घटना के बाद महिला और उनके परिवार को मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा था.

धार्मिक बातचीत से शुरू हुआ संपर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित शर्मा नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली का रहने वाला है और इस्कॉन के हरे कृष्ण संप्रदाय से जुड़ा हुआ है. वह सोशल मीडिया पर धार्मिक उपदेश वाले वीडियो भी पोस्ट करता था.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले इंस्टाग्राम के जरिए महिला से धार्मिक विषयों पर बातचीत शुरू की. बाद में उसने दोस्ती करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया और दूरी बना ली. इसके बाद आरोपी ने महिला का ऑनलाइन पीछा करना शुरू कर दिया.

AI टूल्स की मदद से बनाए मॉर्फ्ड फोटो
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट से उनकी और उनकी मां की तस्वीरें डाउनलोड कीं. इसके बाद इंटरनेट पर उपलब्ध AI टूल्स और वेबसाइट्स का इस्तेमाल कर फोटो को मॉर्फ किया और न्यूड इमेज व वीडियो तैयार किए. इन फर्जी तस्वीरों और वीडियो को इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किया गया.

10 से ज्यादा फेक अकाउंट मिले
मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के नाम से करीब 10 फर्जी अकाउंट बनाए थे. इन्हीं अकाउंट्स के जरिए वह लगातार आपत्तिजनक पोस्ट शेयर कर रहा था. फिलहाल साइबर क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है.

-अतुल तिवारी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED