Advertisement

Gwalior Snake Bite Case: सो रहे पुलिस जवान को सांप ने डसा, AI की मदद से बची जान

ग्वालियर के बिजौली थाने के प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार को सरकारी क्वार्टर में बिस्तर में छिपे कॉमन करैत ने दो बार डस लिया. थाना प्रभारी ने सांप की फोटो AI को दिखाकर प्राथमिक जानकारी ली. पूरन को JAH अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फोटो देखकर इलाज शुरू हुआ. अब हालत स्थिर और सुधार जारी है.

सर्वेश पुरोहित
  • बिजौली ,
  • 16 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:52 PM IST

ग्वालियर के बिजौली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार को उनके सरकारी क्वार्टर में बिस्तर में छिपे जहरीले कॉमन करैत सांप ने दो बार डस लिया. हालत बिगड़ने पर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव और पुलिस स्टाफ ने तुरंत सूझबूझ दिखाई. सांप की फोटो खींचकर AI से प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी ली गई और हवलदार को तत्काल JAH अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने भी सांप की फोटो देखकर करैत के काटने के अनुसार इलाज शुरू किया. फिलहाल पूरन सिकरवार की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है.

बिस्तर में दुबका था कॉमन करैत
दरअसल, यह घटना गुरुवार रात बिजौली थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की है. प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार अपने बिस्तर पर सो रहे थे. इसी दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत सांप ने उनके हाथ में दो जगह डस लिया. सांप के काटने का अहसास होते ही पूरन सिकरवार ने मदद के लिए शोर मचाया. आवाज सुनकर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव समेत थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ तुरंत उनके क्वार्टर पर पहुंचा.

थाना प्रभारी ने सांप की फोटो खींची
क्वार्टर में सांप को देखकर थाना प्रभारी ने सबसे पहले उसकी फोटो खींची. इसके बाद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से प्राथमिक उपचार का तरीका पूछा. AI से मिली प्राथमिक सावधानियों को अपनाते हुए पुलिस स्टाफ ने बिना देर किए पूरन सिकरवार को जयारोग्य अस्पताल यानी JAH अस्पताल पहुंचाया. इस दौरान उनकी हालत को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू कराया गया.

फोटो देखकर डॉक्टरों ने शुरू किया इलाज
अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस स्टाफ ने डॉक्टरों को सांप की फोटो दिखाई. फोटो के आधार पर डॉक्टरों ने सांप की पहचान कॉमन करैत के रूप में करते हुए उसके काटने के अनुसार इलाज शुरू किया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद SSP धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और प्रधान आरक्षक के इलाज की जानकारी ली. प्राथमिक उपचार के बाद पूरन सिकरवार को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

फिलहाल हालत स्थिर, सुधार जारी
डॉक्टरों के अनुसार अब पूरन सिकरवार की हालत स्थिर है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है. फिलहाल वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरसात के मौसम में सांप अक्सर सरकारी आवासों और अंधेरी जगहों में घुस जाते हैं. ऐसे में बिस्तर और सामान को अच्छी तरह झाड़कर ही इस्तेमाल करना चाहिए.

पुलिस स्टाफ की तत्परता से टली बड़ी घटना
इस पूरे मामले में पुलिस स्टाफ की तुरंत दिखाई गई सूझबूझ काम आई. सांप की फोटो लेकर AI से प्राथमिक उपचार की जानकारी लेने के बाद घायल प्रधान आरक्षक को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया. इसके बाद डॉक्टरों ने फोटो के आधार पर करैत के काटने के अनुसार इलाज शुरू किया. फिलहाल पूरन सिकरवार की हालत स्थिर है और सुधार हो रहा है. पुलिस स्टाफ की त्वरित कार्रवाई और AI की मदद से एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement