Recover UAN Number: निकालने हैं पीएफ से पैसे, लेकिन भूल चुके यूएएन.. तो इन तरीकों से पाएं नंबर वापस

यूएएन के बिना पीएफ से जुड़ा लगभग हर काम अटक जाता है. चाहे पीएफ बैलेंस देखना हो, पैसा निकालना हो, केवाईसी (KYC) अपडेट करनी हो या नौकरी बदलने पर पुराने पीएफ को नए खाते से लिंक करना हो.

Recover UAN Number
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 11 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:01 AM IST

अगर किसी प्राइवेट या सरकारी कंपनी में काम करते समय आपकी सैलरी से हर महीने पीएफ (PF) कटता है, तो आपके पास यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) होना बेहद जरूरी है. यह 12 अंकों का यूनीक नंबर आपके पीएफ अकाउंट की पहचान होता है. कई बार नौकरी बदलने, लंबे समय तक लॉग-इन न करने या जानकारी अपडेट न होने की वजह से लोग अपना यूएएन नंबर भूल जाते हैं. ऐसे में पीएफ बैलेंस चेक करने या पैसे निकालने के समय परेशानी खड़ी हो जाती है. अच्छी बात यह है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने यूएएन रिकवरी की आसान ऑनलाइन सुविधा दे रखी है, जिससे आप कुछ ही मिनटों में अपना यूएएन दोबारा पा सकते हैं.

यूएएन के बिना पीएफ से जुड़ा लगभग हर काम अटक जाता है. चाहे पीएफ बैलेंस देखना हो, पैसा निकालना हो, केवाईसी (KYC) अपडेट करनी हो या नौकरी बदलने पर पुराने पीएफ को नए खाते से लिंक करना हो. हर जगह यूएएन की जरूरत पड़ती है. यही नंबर आपके सभी पीएफ खातों को एक साथ जोड़कर रखता है, जिससे आपकी रिटायरमेंट सेविंग को ट्रैक और मैनेज करना आसान हो जाता है.

घर बैठे ऑनलाइन कैसे पता करें यूएएन
अगर आप अपना यूएएन भूल गए हैं, तो उसे मोबाइल या लैपटॉप से आसानी से रिकवर किया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले ईपीएफओ के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर जाएं. वहां दाईं ओर दिए गए Important Links सेक्शन में Know your UAN विकल्प पर क्लिक करें. अब अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड भरकर Request OTP पर टैप करें. मोबाइल पर आए ओटीपी को वैलिडेट करने के बाद अपना नाम, जन्मतिथि और आधार या पैन नंबर दर्ज करें. सारी जानकारी सही भरने पर Show My UAN पर क्लिक करते ही कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर आपका यूएएन नंबर दिखाई देगा.

एसएमएस से भी मिलेगी जानकारी
अगर आपके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, तो एसएमएस के जरिए भी यूएएन जाना जा सकता है. इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN ENG लिखकर 7738299899 पर भेज दें. कुछ ही देर में आपके मोबाइल पर यूएएन से जुड़ी जानकारी एसएमएस के जरिए मिल जाएगी.

डिजिटल हुईं ईपीएफओ की सेवाएं
पिछले कुछ सालों में ईपीएफओ ने अपनी ज्यादातर सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है. अब पीएफ से जुड़े कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते. यूएएन की मदद से कर्मचारी एक ही प्लेटफॉर्म पर अपनी पूरी पीएफ डिटेल देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन ही क्लेम भी फाइल कर सकते हैं, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है.

 

Read more!

RECOMMENDED