How To Correct PAN Details: जल्दी में बनवाया था पैन, लेकिन नाम और नंबर दोनों हो गए गलत.. तो फिक्र की जरूरत नहीं, घर बैठे ऐसे करें अपडेट

पैन कार्ड आजकल एक जरूरी दस्तावेज बन चुका है. ऐसे में जरूरी है कि इसमें आपसे जुड़ी जानकारी ठीक होनी चाहिए. अगर नाम या नंबर गलत है तो उसे ठीक करने के लिए आप इस प्रोसेस को फॉलो कर सकते हैं.

How To Update PAN Card
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:32 PM IST

आज के समय में पैन कार्ड सिर्फ एक जरूरी डॉक्यूमेंट नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की फाइनेंशियल पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है. नौकरी शुरू करने से लेकर बैंकिंग, इनकम टैक्स रिटर्न भरने, निवेश करने और बड़े वित्तीय लेनदेन तक लगभग हर जरूरी काम में पैन कार्ड की जरूरत पड़ती है. यही वजह है कि इसमें दर्ज जानकारी का सही होना बेहद जरूरी माना जाता है.

लेकिन कई बार जल्दबाजी या पुराने रिकॉर्ड की वजह से पैन कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर गलत दर्ज हो जाता है. छोटी सी गलती भी बाद में बड़ी परेशानी की वजह बन सकती है. गलत जानकारी होने पर बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है, टैक्स से जुड़े काम अटक सकते हैं और कई जरूरी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन भी रुक सकता है. अच्छी बात यह है कि इन गलतियों को ठीक कराने के लिए आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. यह पूरा काम ऑनलाइन तरीके से घर बैठे किया जा सकता है.

ऑनलाइन प्रोसेस से कैसे करें अपडेट
इनकम टैक्स विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए पैन कार्ड सुधार प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है. अब कोई भी व्यक्ति NSDL या UTIITSL की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आसानी से बदलाव के लिए आवेदन कर सकता है. ऑनलाइन प्रक्रिया होने की वजह से समय की बचत होती है और एजेंटों को पैसे देने की जरूरत भी नहीं पड़ती. साथ ही यूजर अपने आवेदन की स्थिति खुद ट्रैक कर सकता है.

ऐसे करें अपने PAN में सुधार
अगर आपके पैन कार्ड में कोई जानकारी गलत है, तो सबसे पहले NSDL या UTIITSL की वेबसाइट पर जाएं. वहां आपको पैन सेक्शन में चेंजेस/करेक्शन ऑप्शन मिलेगा. इस पर क्लिक करने के बाद एक ऑनलाइन फॉर्म खुलेगा.

इस फॉर्म में आपको अपना पैन नंबर, नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी बेसिक जानकारी भरनी होगी. जानकारी सबमिट करते ही सिस्टम एक यूनिक टोकन नंबर जनरेट करेगा. यह नंबर आगे की प्रोसेस और आवेदन ट्रैक करने के लिए बेहद जरूरी होता है, इसलिए इसे सेव रखना जरूरी है.

सही दस्तावेज अपलोड करना है जरूरी
अब आपको उस जानकारी को सलेक्ट करना होगा जिसमें बदलाव करना है. जैसे अगर नाम अपडेट करना है, तो नाम वाले सेक्शन को चुनकर सही जानकारी दर्ज करें. इसके बाद पहचान और पते के प्रमाण के तौर पर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इसमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं.

आवेदन सबमिट करने के बाद क्या करें?
सभी जानकारी सही तरीके से भरने और दस्तावेज अपलोड करने के बाद फीस भरनी होगी. इसके बाद फॉर्म सबमिट हो जाएगा. आवेदन पूरा होने के बाद एक Acknowledgement Slip जनरेट होती है, जिसे डाउनलोड करके आप जानकारी के लिए सेव करके रख सकते हैं. इसी स्लिप की मदद से आप अपने आवेदन का स्टेटस आसानी से चेक कर सकते हैं. 

 

Read more!

RECOMMENDED