Advertisement

iOS 27 में Siri हो जाएगी पहले से ज्यादा स्मार्ट, स्क्रीन पर दिख रही चीजों को समझेगी और खुद करेगी कई काम, जानिए नए अपडेट के बड़े फीचर्स

एप्पल (Apple) ने अपने आईफोन के लिए नया सॉफ्टवेयर iOS 27 पेश कर दिया है. इस नए अपडेट की सबसे खास बात यह है कि कंपनी ने अपने आवाज से चलने वाले असिस्टेंट यानी Siri को पूरी तरह से बदल दिया है.

iOS 27
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 10 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:56 AM IST
  • स्क्रीन और कैमरे पर जो दिखेगा, सिरी सब समझेगी
  • अब अलग से मिलेगा सिरी का ऐप

Apple ने iOS 27 में अपने iPhone यूजर्स के लिए कई बड़े बदलाव किए हैं. इस अपडेट का सबसे खास हिस्सा नया AI वाला Siri है. अब Siri सिर्फ सवालों का जवाब देने वाला फीचर नहीं रहेगा, बल्कि यूजर की बात को समझकर कई काम खुद करने की कोशिश करेगा. यह आपके फोन की स्क्रीन पर क्या चल रहा है, उसे भी समझ सकेगा. इसके अलावा Siri अलग-अलग ऐप्स की जानकारी का इस्तेमाल करके काम पूरा करने में मदद करेगी. यानी एक ही काम के लिए बार-बार अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत कम हो सकती है.

नया Siri अलग ऐप में मिलेगा
iOS 27 अपडेट के बाद iPhone में Siri के लिए अलग ऐप दिया जाएगा. इसमें Siri से हुई बातचीत का रिकॉर्ड भी रखा जा सकेगा. यूजर Siri की आवाज की रफ्तार और बोलने के अंदाज को भी अपनी पसंद के हिसाब से बदल पाएंगे. यानी Siri से बात करना पहले के मुकाबले ज्यादा सामान्य बातचीत जैसा महसूस होगा.

कैमरा खोलकर भी पूछ सकेंगे सवाल
iOS 27 में Siri को iPhone के कैमरे से भी जोड़ा गया है. कैमरे के सामने जो चीज दिखाई दे रही है, उसके बारे में Siri से सवाल पूछा जा सकेगा. उदाहरण के लिए किसी सामान, जगह या दूसरी चीज को कैमरे में दिखाकर उसके बारे में जानकारी मांगी जा सकती है. यह फीचर Siri को आसपास की चीजों को समझने में ज्यादा सक्षम बनाएगा.

मेल, नोट्स और मैसेज में भी करेगा मदद
नई Siri सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगी. यह Mail, Notes और Messages जैसे ऐप्स में लिखने में मदद कर सकेगी. यूजर सामान्य भाषा में अपना काम बताएगा और Siri उसे पूरा करने में मदद करेगी. जटिल Shortcuts भी साधारण निर्देश देकर बनाए जा सकेंगे.

फोटो में भी AI की मदद मिलेगी
Apple ने फोटो से जुड़े AI फीचर्स में भी बदलाव किए हैं. यूजर Image Playground की मदद से तस्वीरें बना सकेंगे. पहले से मौजूद फोटो में बदलाव करना, जैसे तस्वीर का हिस्सा बढ़ाना या उसका एंगल बदलना भी आसान होगा.

क्या आपके पुराने आईफोन में यह चलेगा?
नए AI वाले Siri की सबसे बड़ी सीमा यह है कि यह सभी पुराने iPhone में नहीं चलेगा. इसका सपोर्ट iPhone 15 Pro से शुरू होता है. नए iPhone मॉडल में यह ज्यादा बेहतर तरीके से काम करेगा, क्योंकि इनमें AI चलाने के लिए ज्यादा ताकतवर चिप दी गई है. नए मॉडल में आवाज पहचानने और बोलकर लिखने की सुविधा भी ज्यादा सटीक हो सकती है.

भाषा और देश को लेकर भी लिमिट
शुरुआत में नया Siri अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगा. इसके बाद फ्रेंच, जापानी, कोरियन, पुर्तगाली और स्पेनिश जैसी भाषाओं का सपोर्ट अक्टूबर में आने की बात कही गई है. यूरोपीय संघ और चीन में शुरुआत में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. Apple ने iOS 27 में Siri के अलावा फोन के डिजाइन, सेफ्टी और परफॉर्मेंस में भी सुधार किए हैं. बच्चों की सुरक्षा के लिए नए फीचर जोड़े गए हैं और कंपनी ने अपने Liquid Glass डिजाइन को भी और बेहतर किया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement