Aadhar Card Mobile Number Update: आधार केंद्र के चक्कर काटने का झंझट हुआ खत्म.. अब घर बैठे करें अपना मोबाइल नंबर अपडेट, जानें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

जहां पहले आधार कार्ड में नंबर अपडेट करवाने के लिए सीधा केंद्र पर जाना पड़ता था. जिसमें समय काफी लगता था. अब यह प्रक्रिया आप आसानी के साथ ऑनलाइन अपने फोन पर कर सकते हैं.

Aadhar Mobile Number Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:00 AM IST

आधार कार्ड आज के समय में सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक बन चुका है. सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, बैंकिंग सेवाएं इस्तेमाल करनी हों या फिर किसी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करना हो, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है. ऐसे में आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर अपडेट होना बेहद जरूरी है, क्योंकि ज्यादातर सेवाओं में OTP वेरिफिकेशन के जरिए ही पहचान हो पाती है. अब लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने एक नया Aadhaar App लॉन्च किया है, जिसकी मदद से आप घर बैठे ही अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं.

पहले आधार में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए लोगों को आधार सेवा केंद्र जाना पड़ता था और लंबी लाइन में इंतजार करना पड़ता था. लेकिन अब UIDAI के नए ऐप के जरिए यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है. यूजर्स अब बिना कहीं जाए अपने स्मार्टफोन से ही मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए सिर्फ ₹75 की फीस देनी होती है.

ऐसे करें Aadhaar App से मोबाइल नंबर अपडेट
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले Aadhaar App डाउनलोड करें और अपने आधार की डिटेल्स की मदद से लॉगिन करें. लॉगिन के बाद ऐप में दिए गए 'Services' सेक्शन में जाएं. यहां आपको मोबाइल नंबर अपडेट करने का विकल्प दिखाई देगा.

अब अपना नया मोबाइल नंबर फीड करें. इसके बाद उस नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा. OTP एंटर करके नंबर को वेरिफाई करना होगा. यह प्रोसेस इसलिए जरूरी है ताकि यह वेरिफाई किया जा सके कि नंबर सही शख्स द्वारा अपडेट किया जा रहा है.

फेस ऑथेंटिकेशन से बढ़ती है सुरक्षा
OTP वेरिफिकेशन के बाद ऐप आपसे फेस ऑथेंटिकेशन करने के लिए कहेगा. इस फीचर का मकसद सुरक्षा को और मजबूत बनाना है. फेस ऑथेंटिकेशन पूरा होने के बाद आपको ₹75 की फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी. पेमेंट होते ही आपका मोबाइल नंबर अपडेट करने की रिक्वेस्ट सबमिट हो जाएगी.

कितने दिन में अपडेट होगा मोबाइल नंबर
UIDAI के अनुसार, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट होने में करीब 15 दिन तक का समय लग सकता है. यूजर्स अपनी रिक्वेस्ट का स्टेटस Aadhaar App के अंदर ही आसानी से चेक कर सकते हैं.

क्यों जरूरी है आधार में सही मोबाइल नंबर
आजकल लगभग हर सरकारी और प्राइवेट सर्विस में OTP बेस्ड वेरिफिकेशन का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में यदि आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर बंद हो चुका है या पुराना है, तो कई जरूरी काम अटक सकते हैं. इसलिए समय-समय पर आधार में सही मोबाइल नंबर अपडेट रखना बेहद जरूरी है. UIDAI का नया ऐप इस पूरी प्रोसेस को पहले से ज्यादा आसान बना रहा है.

 

Read more!

RECOMMENDED