Fridge Blast
Fridge Blast
गर्मियों का मौसम आते ही फ्रिज का इस्तेमाल हर घर में बढ़ जाता है. खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखने से लेकर ठंडा पानी और बर्फ तक, यह हमारी रोजमर्रा की जरूरत का अहम हिस्सा बन चुका है. लेकिन जितना जरूरी इसका इस्तेमाल है, उतना ही जरूरी इसका सही रखरखाव भी है. लापरवाही या गलत इस्तेमाल की वजह से कई बार फ्रिज में ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट जैसी घटनाएं सामने आती हैं. ऐसे में कुछ सामान्य बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि आप और आपका परिवार सेफ रह सके.
दीवार से दूरी रखना क्यों है जरूरी
अक्सर लोग जगह बचाने के लिए फ्रिज को दीवार से बिल्कुल सटाकर रख देते हैं, जो कि एक बड़ी गलती है. ऐसा करने से फ्रिज के पीछे की गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती और कंप्रेसर तेजी से गर्म होने लगता है. गर्मियों में यह समस्या और बढ़ जाती है. इसलिए फ्रिज और दीवार के बीच कम से कम 5 से 7 इंच का गैप रखना चाहिए, ताकि हवा ठीक से निकल सके और ओवरहीटिंग से बचाव हो सके.
वोल्टेज फ्लक्चुएशन से बचाव के उपाय
गर्मियों में बिजली का बार-बार आना-जाना और वोल्टेज का ऊपर-नीचे होना आम बात है. ऐसे में बिना स्टेबलाइजर के फ्रिज चलाना जोखिम भरा हो सकता है. वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे फ्रिज खराब होने या ब्लास्ट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. बेहतर है कि हमेशा एक अच्छे क्वालिटी के स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें.
वायरिंग और प्लग की नियमित जांच
कई घरों में सर्दियों के दौरान फ्रिज का इस्तेमाल कम होता है और गर्मियों में अचानक चालू कर दिया जाता है. ऐसे में पहले यह जरूर जांच लें कि फ्रिज की वायरिंग सही है या नहीं. कटे-फटे तार, ढीले प्लग या खराब सॉकेट स्पार्किंग का कारण बन सकते हैं, जिससे आग लगने या गंभीर हादसा होने की संभावना रहती है.
सही तापमान सेट करना है जरूरी
जल्दी ठंडा करने के चक्कर में लोग फ्रिज का तापमान बहुत कम कर देते हैं, जो कि सही नहीं है. इससे कंप्रेसर पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है और उसकी उम्र भी कम हो सकती है. खासतौर पर पुराने फ्रिज में यह आदत नुकसानदायक साबित हो सकती है. इसलिए हमेशा सही तापमान सेट करें.
समय-समय पर डिफ्रॉस्ट करना न भूलें
फ्रिज में बर्फ जमना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है. लगातार जमी बर्फ कूलिंग सिस्टम पर असर डालती है और कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए नियमित रूप से डिफ्रॉस्ट करें और फ्रिज का दरवाजा लंबे समय तक खुला रखने से बचें.