AC Mode
AC Mode
अगर आप अपने एयर कंडीशनर का सही तरीके से इस्तेमाल करना सीख लें, तो न सिर्फ आपको बेहतर कूलिंग मिलती है, बल्कि बिजली के बिल में भी काफी राहत मिल सकती है. अक्सर लोग को सिर्फ ऑन करके ठंडी हवा का आनंद लेते हैं, लेकिन इसके अलग-अलग मोड्स को समझकर आप अपनी जरूरत और मौसम के हिसाब से सही सेटिंग चुन सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं कि किस समय किस मोड को चुनें.
कूल मोड से कमरा बनता फौरन मनाली
कूल मोड का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला फीचर है. जब बाहर तेज गर्मी होती है और आप तुरंत राहत चाहते हैं, तब यही मोड सबसे बेहतर काम करता है. यह कमरे के तापमान को तेजी से कम करके आपको ठंडक पहुंचाता है.
लेकिन इस मोड में बहुत कम तापमान सेट करना हमेशा सही नहीं होता. अगर आप 24°C के आसपास तापमान सेट करते हैं, तो यह न सिर्फ आरामदायक होता है बल्कि बिजली की खपत भी बैलेंस्ड रहती है. इससे आपका बिल भी ज्यादा नहीं बढ़ता.
फैन मोड से मिलती रहती फ्रेश एयर
फैन मोड में एसी का कंप्रेसर बंद रहता है और सिर्फ पंखा चलता है. इसका मतलब यह है कि कमरे का तापमान कम नहीं होता, बल्कि हवा सिर्फ सर्कुलेट होती रहती है.
यह मोड उन समयों के लिए सही है जब आपको ज्यादा ठंडक की जरूरत नहीं होती, बल्कि सिर्फ हवा का फ्लो चाहिए होता है. इससे बिजली की काफी बचत होती है और कमरे में हल्की, फ्रेश हवा बनी रहती है.
चिपचिपाहट दूर करता ड्राई मोड
अगर आपके एसी में ड्राई मोड मौजूद है, तो यह नमी वाले मौसम में बहुत उपयोगी साबित होता है. इस मोड का मेन काम तापमान कम करना नहीं, बल्कि हवा में मौजूद नमी को कम करना होता है.
जब मौसम में उमस ज्यादा होती है, तब यह मोड हवा को सुखाकर कमरे को ज्यादा आरामदायक बना देता है. इससे आपको चिपचिपाहट से राहत मिलती है और आप हल्का महसूस करते है.
कम बिजली में ज्यादा आराम
इको मोड खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो बिजली का बिल कम करना चाहते हैं. इस मोड में एसी अपनी सेटिंग्स को खुद ही एडजस्ट करता है ताकि कम बिजली खर्च हो और फिर भी टेंपरेचर आरामदायक बना रहे. इसके अलावा, यह मोड एसी के कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव नहीं डालता, जिससे मशीन की लाइफ भी बढ़ती है. लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए यह एक समझदारी भरा ऑप्शन है.
हर मोड का अपना अलग काम और फायदा है. अगर आप मौसम और अपनी जरूरत के हिसाब से सही मोड का चुनाव करते हैं, तो न सिर्फ बेहतर कूलिंग मिलेगी बल्कि बिजली की बचत भी होगी. इसलिए अगली बार एसी ऑन करते समय सिर्फ ठंडक नहीं, बल्कि सही मोड का चुनाव जरूर करें.