अगर आप स्पोर्ट्स कारों के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है. जर्मनी की मशहूर लग्जरी कार कंपनी Porsche ने भारत में अपनी नई Porsche 911 GT3 लॉन्च कर दी है. इस शानदार स्पोर्ट्स कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.32 करोड़ रुपये रखी गई है. कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और ग्राहकों को इसकी डिलीवरी 2026 के आखिर तक मिलने लगेगी.
नई Porsche 911 GT3 की सबसे बड़ी खासियत इसकी जबरदस्त रफ्तार है. यह कार सिर्फ 3.4 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ लेती है. इसकी टॉप स्पीड 311 किलोमीटर प्रति घंटा है. यानी यह इतनी तेज है कि इसकी रफ्तार भारत में आने वाली बुलेट ट्रेन की स्पीड के लगभग बराबर है.
दमदार इंजन से मिलेगी शानदार परफॉर्मेंस
Porsche 911 GT3 में 4.0 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड फ्लैट-सिक्स पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 503 bhp की पावर और 450 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इसके साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. यही वजह है कि यह कार सड़क पर बेहतरीन स्पीड और शानदार ड्राइविंग अनुभव देती है.
कैसा है लुक?
नई 911 GT3 का डिजाइन काफी आकर्षक और स्पोर्टी है. कंपनी इसे 10 अलग-अलग रंगों में उपलब्ध करा रही है. कार में आगे 20 इंच और पीछे 21 इंच के बड़े अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसके अलावा Matrix LED हेडलाइट्स और पीछे लगा बड़ा रियर विंग इसे रेसिंग कार जैसा लुक देता है.
कस्टमाइज करने की सुविधा
Porsche अपने ग्राहकों को कार को कस्टमाइज करने की सुविधा भी दे रही है. ग्राहक सीट्स, व्हील्स, रूफ फिनिश और कई अन्य हिस्सों को अपनी पसंद के अनुसार तैयार करवा सकते हैं. इसके लिए कंपनी खास कस्टमाइजेशन पैकेज भी ऑफर कर रही है.
अंदर से भी उतनी ही शानदार
कार का इंटीरियर लग्जरी और आधुनिक तकनीक से भरपूर है. इसमें 12.6 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 10.9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, स्पोर्ट्स स्टीयरिंग व्हील और इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल सीट्स जैसी सुविधाएं दी गई हैं.
ये भी पढ़ें: