Advertisement

ChatGPT बनाने वाली OpenAI का बड़ा दांव! Jalapeno चिप से Nvidia की बढ़ेगी टेंशन?  

OpenAI अपनी पहली कस्टम AI चिप Jalapeno तैयार कर रही है. Broadcom के साथ मिलकर बनाई जा रही यह चिप AI मॉडल्स को तेज चलाने और कम बिजली खपत करने में मदद करेगी. इससे कंपनी की Nvidia पर निर्भरता भी कम हो सकती है.

ChatGPT
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:16 AM IST

ChatGPT की कामयाबी के बाद अब OpenAI AI की दुनिया में एक और बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है. कंपनी अब सिर्फ AI मॉडल बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन मॉडल्स को चलाने वाला हार्डवेयर भी खुद तैयार करना चाहती है. इसी कड़ी में OpenAI अपनी पहली कस्टम AI चिप पर काम कर रही है, जिसका नाम Jalapeno बताया जा रहा है. कंपनी का दावा है कि यह चिप AI मॉडल्स को तेज स्पीड देने के साथ कम बिजली में काम करने में मदद करेगी. अगर यह योजना सफल रहती है, तो AI कंप्यूटिंग के लिए Nvidia के हार्डवेयर पर OpenAI की निर्भरता भी कम हो सकती है.

Broadcom के साथ मिलकर तैयार हो रही Jalapeno
Jalapeno को खास तौर पर AI मॉडल्स के लिए डिजाइन किया गया कस्टम चिपसेट बताया जा रहा है. OpenAI ने इसे सेमीकंडक्टर कंपनी Broadcom के साथ पार्टनरशिप में तैयार किया है. कंपनी का फोकस ऐसी चिप बनाने पर है, जो ज्यादा पावर खर्च किए बिना AI मॉडल्स को तेजी से चलाने में सक्षम हो. AI कंपनियों के लिए यह इसलिए अहम है क्योंकि बड़े AI मॉडल्स को चलाने के लिए काफी कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है. जैसे-जैसे ChatGPT और दूसरे AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वैसे-वैसे तेज और पावर एफिशिएंट हार्डवेयर की जरूरत भी बढ़ रही है.

इन AI मॉडल्स पर हुई टेस्टिंग
OpenAI के मुताबिक, Jalapeno को कुछ AI मॉडल्स के साथ टेस्ट किया गया है. इनमें GPT-OSS 120B, DeepSeek R1 और Kimi K2.5 1T जैसे मॉडल शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि चिप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हाई परफॉर्मेंस के साथ रिस्पॉन्स टाइम यानी लेटेंसी को भी कम रखा जा सके.

Jalapeno में इंफरेंस पर खास फोकस
इस चिप का सबसे अहम काम AI इंफरेंस को बेहतर बनाना है. आसान भाषा में समझें तो जब कोई यूजर ChatGPT से सवाल पूछता है, तो पहले से ट्रेन किया गया AI मॉडल उस सवाल को प्रोसेस करके जवाब तैयार करता है. इसी प्रक्रिया को इंफरेंस कहा जाता है. OpenAI का लक्ष्य सिर्फ एक चिप बनाना नहीं है. कंपनी चिप, सॉफ्टवेयर, मेमोरी, नेटवर्किंग और सर्विस सिस्टम को अपने AI मॉडल्स की जरूरत के हिसाब से तैयार करना चाहती है. इससे कंपनी AI सिस्टम की स्पीड, एफिशिएंसी और लागत को बेहतर तरीके से कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है.

Nvidia पर निर्भरता घटाने की कोशिश
फिलहाल AI इंडस्ट्री में Nvidia के GPU का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है. OpenAI भी AI मॉडल्स को चलाने के लिए बड़े पैमाने पर कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करती है. ऐसे में अपनी कस्टम चिप तैयार करना कंपनी के लिए रणनीतिक तौर पर बड़ा कदम माना जा रहा है. Jalapeno के जरिए OpenAI भविष्य में अपने AI मॉडल्स के लिए हार्डवेयर पर ज्यादा नियंत्रण हासिल करना चाहती है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement