Truecaller यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट: TRAI बदल सकता है स्पैम कॉल के नियम, जानें आपके ऊपर क्या होगा असर

TRAI ने कमर्शियल कॉल्स को अलग पहचान देने के लिए अलग-अलग नंबर सीरीज तय की है. 140 सीरीज का इस्तेमाल प्रमोशनल और टेलीमार्केटिंग कॉल्स के लिए किया जाता है. 1600 सीरीज बैंक, बीमा कंपनियों और दूसरी संस्थाओं की सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल्स के लिए निर्धारित है.

trai truecaller spam call
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST

क्या आप अनजान या स्पैम कॉल से बचने के लिए Truecaller जैसे कॉलर आईडी ऐप का इस्तेमाल करते हैं? अगर हां, तो हम आपको बता दें कि आने वाले समय में इसका तरीका बदल सकता है. दरअसल, टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) और Truecaller के बीच नया विवाद शुरू हो गया है . TRAI का मानना है कि कुछ सरकारी तय नंबरों को स्पैम बताने से जरूरी कॉल्स भी लोग उठाना बंद कर रहे हैं. वहीं Truecaller का कहना है कि अगर यूजर्स को संदिग्ध कॉल्स की जानकारी नहीं दी गई, तो साइबर ठगी और स्पैम कॉल का खतरा बढ़ सकता है. अब यह मामला सरकार तक पहुंच गया है और भविष्य में कॉलर आईडी ऐप्स के लिए नए नियम बन सकते हैं.

TRAI और Truecaller के बीच क्या है विवाद?
TRAI चाहता है कि Truecaller, Hiya और Whoscall जैसे कॉलर आईडी ऐप 140 और 1600 सीरीज के नंबरों को स्पैम के रूप में टैग या ब्लॉक न करें. ऐसा करने से उसकी बनाई गई कॉल पहचान व्यवस्था कमजोर हो रही है. फिलहाल ये ऐप्स टेलीकॉम लाइसेंस के दायरे में नहीं आते. इसलिए TRAI ने इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) से आईटी एक्ट के तहत ऐसे ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई करने के अधिकार मांगे हैं.

140 और 1600 सीरीज नंबर क्यों हैं खास?
TRAI ने कमर्शियल कॉल्स को अलग पहचान देने के लिए अलग-अलग नंबर सीरीज तय की है.
140 सीरीज का इस्तेमाल प्रमोशनल और टेलीमार्केटिंग कॉल्स के लिए किया जाता है.
1600 सीरीज बैंक, बीमा कंपनियों और दूसरी संस्थाओं की सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल्स के लिए निर्धारित है.
इसका मकसद लोगों को यह समझाना है कि उन्हें किस तरह की कॉल आ रही है.

TRAI की चिंता क्या है?
TRAI का कहना है कि अगर कॉलर आईडी ऐप इन आधिकारिक नंबरों को स्पैम दिखाएंगे, तो लोग बैंक अलर्ट, पेमेंट अपडेट, ओटीपी या दूसरी जरूरी सर्विस कॉल्स भी उठाना बंद कर सकते हैं. इससे सरकार की नई कॉल पहचान व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित होगा.

Truecaller ने क्या कहा?
Truecaller ने TRAI के आरोपों का विरोध किया है. कंपनी का कहना है कि उसने पहले ही 140 और 1600 सीरीज नंबरों पर पारंपरिक 'Spam Warning' दिखाना बंद कर दिया है. लेकिन इसके बाद इन नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल्स बढ़ी हैं और यूजर्स का भरोसा कम हुआ है.

कंपनी के सीईओ ऋषित झुनझुनवाला के मुताबिक, हर दिन करीब 4 लाख 140 सीरीज और 1.2 लाख से ज्यादा 1600 सीरीज की कॉल्स यूजर्स खुद ब्लॉक कर रहे हैं. इसी वजह से कंपनी ने अब इन नंबरों पर 'Frequently Blocked' नाम का नया लेबल दिखाना शुरू किया है, ताकि यूजर्स को पता चल सके कि उस नंबर को बड़ी संख्या में लोग पहले ही ब्लॉक कर चुके हैं.

आगे क्या हो सकता है?
अगर MeitY, TRAI की मांग स्वीकार कर लेता है, तो भविष्य में Truecaller और दूसरे कॉलर आईडी ऐप्स के लिए नए नियम लागू हो सकते हैं. इससे यह तय करने के नियम और सख्त हो सकते हैं कि किस नंबर को स्पैम दिखाया जाए और किसे नहीं. दूसरी ओर Truecaller का कहना है कि यूजर्स की सुरक्षा के लिए संदिग्ध कॉल्स की सही जानकारी देना जरूरी है और किसी भी फैसले में वास्तविक डेटा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.
 

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED