टीवीएस मोटर ने भारतीय बाजार में अपने सबसे पॉपुलर स्कूटर जुपिटर 110 को नए अंदाज में पेश किया है. कंपनी ने जुपिटर डुअल टोन स्पेक्ट्रल रेंज लॉन्च की है. नए मॉडल में आकर्षक डुअल टोन कलर के साथ सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर जैसे नए फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा स्कूटर में बड़ी सीट, यूएसबी टाइप-C चार्जिंग पोर्ट और ब्लूटूथ कनेक्टेड टेक्नोलॉजी भी मिलती है. खास बात यह है कि जुलाई में जुपिटर की 1,48,595 यूनिट्स बिकी हैं.
कितनी है कीमत
टीवीएस जुपिटर डुअल टोन स्पेक्ट्रल रेंज की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 89,825 रुपये है. इसे दो डुअल टोन कलर ऑप्शन स्पेक्ट्रल ब्लू और स्पेक्ट्रल कॉपर में पेश किया गया है. स्कूटर के नए वर्जन में सबसे बड़ा बदलाव इसके कलर और फिनिश को लेकर किया गया है. दोनों कलर में कलर शिफ्टिंग फिनिश दी गई है. इसके साथ इनर पैनल, नई सीट फिनिश और पार्शियल क्रोम मिरर्स मिलते हैं. कंपनी के मुताबिक, जुपिटर 110 डुअल टोन स्पेक्ट्रल कलर के साथ आने वाला सेगमेंट का पहला स्कूटर है.
सीक्वेंशियल इंडिकेटर बने खास
नए जुपिटर की सबसे खास खूबियों में सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर शामिल हैं. यह इस सेगमेंट का पहला ऐसा फीचर है. इसमें इंडिकेटर सामान्य तरीके से ब्लिंक करने के बजाय एक सीक्वेंस में लाइट करता है, जिससे स्कूटर का लुक ज्यादा प्रीमियम नजर आता है.
बड़ी सीट और 33 लीटर स्टोरेज
स्कूटर में प्रीमियम लॉन्ग सीट दी गई है. राइडर और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के बेहतर आराम के लिए बैक सपोर्ट भी मिलता है. इसमें 33 लीटर का अंडर सीट स्टोरेज दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह सेगमेंट में सबसे ज्यादा है और इसमें दो हेलमेट रखे जा सकते हैं.
इंजन और माइलेज
टीवीएस जुपिटर में 113.3 सीसी का सिंगल सिलेंडर, फोर स्ट्रोक पेट्रोल इंजन मिलता है. यह इंजन 7.9 एचपी की पावर और 9.8 एनएम का टॉर्क पैदा करता है. कंपनी के मुताबिक, स्कूटर 61 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज दे सकता है. इसमें स्मार्ट कनेक्ट टेक्नोलॉजी भी मिलती है, जिससे नेविगेशन, कॉल और एसएमएस अलर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं. साथ ही यूएसबी टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है.
ये भी पढ़ें: