अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो जुलाई 2026 आपके लिए काफी अहम महीना साबित हो सकता है. इस महीने कई बड़ी ऑटो कंपनियां अपने नए और अपडेटेड मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी में हैं. मारुति सुजुकी, रेनो, निसान और एमजी जैसे ब्रांड नई तकनीक, बेहतर फीचर्स और नए डिजाइन के साथ ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश करेंगे. कुछ मॉडल पूरी तरह नए होंगे, जबकि कुछ लोकप्रिय कारों के फेसलिफ्ट वर्जन होंगे.
मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में मिल सकते हैं कई बड़े बदलाव
मारुति सुजुकी जुलाई के आखिर तक अपनी फेमस कॉम्पैक्ट SUV ब्रेजा फेसलिफ्ट लॉन्च कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार कंपनी इसमें नया 1.0-लीटर Boosterjet टर्बो-पेट्रोल इंजन दे सकती है, जो करीब 99 bhp की पावर और 147.6 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा. इसके साथ मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का विकल्प भी जारी रहने की संभावना है.
नई ब्रेजा के CNG वेरिएंट में अंडरबॉडी-माउंटेड CNG टैंक मिलने की उम्मीद है. इससे बूट स्पेस पहले के मुकाबले ज्यादा मिल सकता है. फीचर्स की बात करें तो इसमें 10.1 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और कई नए अपडेट देखने को मिल सकते हैं. हालांकि कंपनी ने अभी इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
3 जुलाई को आ सकती है नई Renault Kwid फेसलिफ्ट
रेनो अपनी लोकप्रिय हैचबैक Kwid फेसलिफ्ट को 3 जुलाई को लॉन्च कर सकती है. इस बार कार के डिजाइन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार इसका लुक Dacia Spring से प्रेरित होगा, जिससे कार पहले से ज्यादा मॉडर्न और आकर्षक नजर आ सकती है. हालांकि इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसमें पहले वाला 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन और मौजूदा ट्रांसमिशन विकल्प ही मिलने की संभावना है.
9 जुलाई को दस्तक दे सकती है Nissan Tekton SUV
निसान 9 जुलाई को अपनी नई Tekton मिड-साइज SUV पेश करने की तैयारी में है. यह SUV Renault Duster वाले प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी. इसमें 1.0-लीटर और 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के विकल्प मिलने की उम्मीद है. डिजाइन की बात करें तो इसका लुक कंपनी की फ्लैगशिप SUV Nissan Patrol से प्रेरित होगा, जिससे इसे प्रीमियम और दमदार रोड प्रेजेंस मिलने की संभावना है.
MG लाएगी नया Plug-in Hybrid मॉडल
इसी दिन MG Motor भी अपना नया Plug-in Hybrid Electric Vehicle (PHEV) भारतीय बाजार में पेश कर सकती है. माना जा रहा है कि यह मॉडल Wuling Starlight 560 पर आधारित होगा. इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5 kWh बैटरी पैक मिलेगा. दोनों मिलकर करीब 197 bhp की पावर देंगे. यह उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो पेट्रोल इंजन की सुविधा के साथ इलेक्ट्रिक ड्राइविंग का भी फायदा लेना चाहते हैं.
Toyota Hilux का नया अवतार भी दे सकता है दस्तक
जुलाई 2026 में Toyota भी अपनी लोकप्रिय पिकअप Hilux के अपडेटेड मॉडल को पेश कर सकती है. उम्मीद है कि इसमें डिजाइन, इंटीरियर और कुछ नए फीचर्स में बदलाव देखने को मिलेंगे. हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
ये भी पढ़ें