सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे BAT-BMS ऐप को लेकर देशभर के ई-रिक्शा चालकों में डर है. दावा किया जा रहा है कि इस ऐप के जरिए ब्लूटूथ से ई-रिक्शा की बैटरी को दूर से कंट्रोल कर वाहन को लॉक या बंद किया जा सकता है. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में कई ई-रिक्शा चालकों ने आरोप लगाया है कि उनके वाहन चलते-चलते अचानक बंद हो रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है. हालांकि, अब तक यह साबित नहीं हुआ है कि इसके पीछे BAT-BMS ऐप ही जिम्मेदार है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि BAT-BMS ऐप के जरिए सड़क पर चल रहे किसी भी ई-रिक्शा को दूर से रोका जा सकता है.
क्या है BAT-BMS ऐप?
BAT-BMS एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे Shenzhen Greenenergy Technology ने विकसित किया है. यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे ब्लूटूथ आधारित स्मार्ट लिथियम बैटरियों की निगरानी और प्रबंधन के लिए बनाया गया है. इसके जरिए बैटरी का चार्जिंग लेवल, वोल्टेज, तापमान, डिस्चार्ज करंट और अन्य तकनीकी जानकारियां देखी जा सकती हैं. कुछ स्मार्ट बैटरियों में चार्जिंग ऑन-ऑफ करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होती हैं.
क्या किसी भी ई-रिक्शा को दूर से बंद किया जा सकता है?
BAT-BMS ऐप में किसी भी ई-रिक्शा को सीधे लॉक या बंद करने का अलग विकल्प नहीं है. किसी स्मार्ट बैटरी से कनेक्ट होने के लिए पहले ब्लूटूथ पेयरिंग और संबंधित डिवाइस का एक्सेस या पेयरिंग कोड जरूरी होता है. बिना अनुमति किसी भी राह चलते वाहन की बैटरी से कनेक्ट होना सामान्य परिस्थितियों में संभव नहीं माना जाता.
इसके अलावा यह ऐप केवल उन्हीं स्मार्ट लिथियम बैटरियों के साथ काम करता है, जिनमें ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) लगा हो. भारत में अधिकांश ई-रिक्शा अभी भी सामान्य लिथियम या पारंपरिक लीड-एसिड बैटरियों का इस्तेमाल करते हैं, जिनमें यह सुविधा मौजूद नहीं होती.
BAT-BMS ऐप से कैसे बचें?
अगर आपकी स्मार्ट लिथियम बैटरी में ब्लूटूथ फीचर है, तो जरूरत न होने पर उसे बंद रखें.
अगर बैटरी का BMS ऐप पासवर्ड या पेयरिंग कोड बदलने की सुविधा देता है, तो डिफॉल्ट पासवर्ड की जगह मजबूत नया पासवर्ड सेट करें.
किसी भी अज्ञात मोबाइल या डिवाइस को बैटरी से कनेक्ट न करें.
ई-रिक्शा बार-बार अचानक बंद हो रहा है, तो बैटरी, कंट्रोलर और BMS की जांच अधिकृत सर्विस सेंटर से कराएं.
ये भी पढ़ें