WhatsApp यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए कंपनी ने टू स्टेप वेरिफिकेशन में बड़ा बदलाव किया है. अब यूजर्स को 6 अंकों वाले PIN की जगह एक मजबूत पासवर्ड सेट करने का विकल्प मिलेगा. इस नए फीचर को 'Account Password for Two-Step Verification' नाम दिया गया है. WABetaInfo के मुताबिक, यह फीचर Android और iPhone यूजर्स के लिए रोल आउट किया जा रहा है और जल्द ही ज्यादा यूजर्स तक पहुंच सकता है.
टू स्टेप वेरिफिकेशन में जुड़ा पासवर्ड
WhatsApp ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया है कि टू स्टेप वेरिफिकेशन को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाया गया है. इसके लिए अब यूजर्स 6 अंकों के PIN की जगह पूरा पासवर्ड इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे अकाउंट को सुरक्षा की एक अतिरिक्त और मजबूत लेयर मिलेगी. नए फीचर का इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp की Settings में जाएं. इसके बाद Account पर टैप करें. यहां टू स्टेप वेरिफिकेशन से जुड़े विकल्पों में अकाउंट पासवर्ड सेट करने का ऑप्शन मिल सकता है. पासवर्ड सेट करने के बाद अकाउंट की सुरक्षा के लिए इसका इस्तेमाल किया जाएगा.
कम से कम 8 कैरेक्टर का होना चाहिए पासवर्ड
WhatsApp के नए पासवर्ड की खास बात यह है कि यह सामान्य न्यूमेरिक PIN नहीं होगा. यूजर्स को कम से कम 8 कैरेक्टर का पासवर्ड बनाना होगा. कंपनी ने यह शर्त इसलिए रखी है ताकि यूजर्स आसानी से अनुमान लगाए जाने वाले छोटे PIN की जगह ज्यादा मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें. जिन यूजर्स ने पहले से टू स्टेप वेरिफिकेशन एक्टिव कर रखा है, उन्हें नया पासवर्ड फीचर उपलब्ध होने के बाद अपने मौजूदा PIN को पासवर्ड से बदलने का विकल्प मिल सकता है.
पासवर्ड भूल गए तो कैसे होगा रीसेट
अगर कोई यूजर अपना WhatsApp अकाउंट पासवर्ड भूल जाता है, तो उसे रीसेट करने का विकल्प मिलेगा. इसके लिए रजिस्टर्ड ईमेल एड्रेस की मदद ली जाएगी. ईमेल पर भेजे गए रीसेट लिंक के जरिए यूजर नया पासवर्ड सेट कर सकेगा. इससे पासवर्ड भूल जाने की स्थिति में अकाउंट को दोबारा सुरक्षित तरीके से एक्सेस करने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें: