सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही देशभर में भक्ति और आस्था का माहौल है. कांवड़िए पवित्र नदियों से जल लेकर अपने आराध्य भगवान शिव के मंदिरों की ओर बढ़ रहे हैं. इसी कड़ी में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर उमड़ रही है. स्टेशन इन दिनों 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज रहा है.
अलग-अलग राज्यों और जिलों से पहुंचे शिवभक्त यहां से ट्रेन पकड़कर पहले सुल्तानगंज जा रहे हैं. सुल्तानगंज में गंगा का पवित्र जल लेने के बाद कांवड़िए पैदल देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. लगातार बढ़ती भीड़ के कारण जंक्शन पर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है.
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के जवान लगातार तैनात हैं. श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने और स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सुरक्षा कर्मी संभाल रहे हैं.
स्टेशन पर पहुंच रहे कांवड़ियों के बीच भक्ति का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है. कोई 'ओम नमः शिवाय' का जाप कर रहा है तो कोई 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे लगा रहा है. कंधे पर कांवड़ और चेहरे पर आस्था लिए श्रद्धालु बाबा के दर्शन की खुशी में भजन-कीर्तन करते नजर आ रहे हैं.
रायबरेली से आए श्रद्धालु दिनेश कुमार यादव ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ पहले वाराणसी पहुंचे, जहां बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक किया. इसके बाद अब वे ट्रेन से सुल्तानगंज जाएंगे और वहां से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस यात्रा का इंतजार था और अब बाबा के बुलावे पर निकलने का अवसर मिला है.
रायबरेली के ही अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान शिव में उनकी गहरी आस्था है और बाबा की कृपा से ही उन्हें इस यात्रा का अवसर मिला है. वहीं सुनील कुमार ने कहा कि वे पहली बार बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन करने जा रहे हैं. उनका मानना है कि जब तक बाबा का बुलावा नहीं आता, तब तक कोई भी उनकी नगरी नहीं पहुंच सकता.