दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम सुहाना हो जाता है. ऐसे में लोग वीकेंड पर कहीं घूमने जाने का प्लान बनाने लगते हैं. हालांकि, ज्यादातर लोग मसूरी, नैनीताल या जयपुर जैसी लोकप्रिय जगहों का रुख करते हैं, जहां भीड़ और खर्च दोनों ज्यादा होते हैं. अगर आप इस मानसून में कम बजट में प्रकृति के बीच कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं, तो दिल्ली के पास मौजूद कुछ ऑफबीट डेस्टिनेशन आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकते हैं. खास बात है कि, यहां हरियाली, झरने, पहाड़ और सुकून सब कुछ मिलेगा.
तिमली पास, उत्तराखंड
देहरादून और विकास नगर के बीच स्थित तिमली पास प्रकृति प्रेमियों के लिए शानदार जगह है. मानसून के दौरान यहां के घने जंगल और बादलों से ढके पहाड़ बेहद खूबसूरत नजर आते हैं. यह जगह ट्रैफिक और भीड़भाड़ से दूर है. दिल्ली से यहां पहुंचने में लगभग 5 से 6 घंटे का समय लगता है और खर्च भी काफी कम आता है.
कनाताल, उत्तराखंड
मसूरी से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित कनाताल एक शांत और कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन है. मानसून में यहां की हरियाली और ठंडी हवाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. कैंपिंग, ट्रैकिंग और नेचर वॉक जैसी गतिविधियों का आनंद भी लिया जा सकता है. यहां रहने और खाने का खर्च भी बजट में रहता है.
चकराता, उत्तराखंड
चकराता उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जो शांति और प्राकृतिक सुंदरता पसंद करते हैं. यहां मौजूद टाइगर फॉल मानसून में और भी आकर्षक हो जाता है. बारिश के दौरान आसपास के जंगल और पहाड़ मनमोहक दृश्य पेश करते हैं. दिल्ली से करीब 330 किलोमीटर दूर स्थित यह जगह बजट ट्रिप के लिए उपयुक्त है.
भरतपुर, राजस्थान
अगर आप प्रकृति और पक्षियों को करीब से देखना चाहते हैं तो भरतपुर एक शानदार विकल्प है. यहां स्थित केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान मानसून के दौरान हरियाली से भर जाता है. यह जगह दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर है और एक या दो दिन के वीकेंड ट्रिप के लिए बिल्कुल सही मानी जाती है.
नाहन, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का छोटा और खूबसूरत शहर नाहन अभी भी ज्यादातर पर्यटकों की नजरों से दूर है. मानसून में यहां की झीलें, पहाड़ियां और हरियाली देखने लायक होती हैं. दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए आसानी से पहुंचा जा सकता है. कम खर्च में सुकून भरा वीकेंड बिताने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है.
ये भी पढ़ें: