ज्योति पर्व दीपावली और सूर्य उपासना का महापर्व छठ, दो ऐसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं, जब देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले यूपी और बिहार के लोग अपने घरों को लौटते हैं और इन त्योहारों को मनाने के बाद वापसी करते हैं. ऐसे में ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ होती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. छठ पूजा और दीपावली के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर भारतीय रेलवे हर साल पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करता है ताकि लोग सुविधाजनक तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें. इसी कड़ी में मेल एक्सप्रेस पूजा स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ इस बार भी भारतीय रेलवे वंदे भारत पूजा स्पेशल ट्रेनों को चला रहा है. अब भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली से पटना के बीच एक और वंदे भारत पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इस वंदे भारत पूजा स्पेशल ट्रेन के परिचालन से दिल्ली से यूपी और बिहार आने जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. हम आपको नई दिल्ली से पटना के बीच चलने वाली इस वंदे भारत पूजा स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग और स्टॉपेज के बारे में जानकारी दे रहे हैं.
कितना होगा किराया
वंदे भारत पूजा स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से खुलने के बाद अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा रुकते हुए पटना पहुंचेगी. यदि हम नई दिल्ली से पटना के लिए ट्रेन के किराए की बात करें तो चेयर कार का किराया 2615 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 4695 रुपए होगा. इस ट्रेन की बुकिंग भी शुरू हो गई है. यदि आपको दीपावली और छठ पूजा के दौरान नई दिल्ली से पटना के बीच सफर करना है तो आप अपना रिजर्वेशन करा सकते हैं. इस नई वंदे भारत पूरा स्पेशल ट्रेन के परिचालन के संदर्भ में जानकारी देते हुए पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि आगामी त्योहार के अवसर पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर उनकी सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों के साथ ही पटना और नई दिल्ली के बीच 02252/02251 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है. इसके साथ ही रेलवे द्वारा अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए पटना और नई दिल्ली के मध्य एक और वंदे भारत स्पेशल 02253/02254 का परिचालन करने का निर्णय लिया गया है.
ट्रेन का शेड्यूल और स्टॉपेज की डिटेल
गाड़ी संख्या 02254 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस को नई दिल्ली से 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक गुरुवार, रविवार एवं मंगलवार को परिचालित किया जाएगा. दिल्ली से यह स्पेशल 08.35 बजे खुलकर 10.21 बजे अलीगढ़, 13.30 बजे कानपुर सेंट्रल, 15.45 बजे प्रयागराज, 18.00 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., 19.26 बजे बक्सर एवं 20.10 बजे आरा रुकते हुए उसी दिन 21.30 बजे पटना जं. पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 02253 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस पटना से 24 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक सप्ताह के प्रत्येक शनिवार, सोमवार एवं बुधवार को परिचालित किया जाएगा. पटना से यह स्पेशल 10.00 बजे खुलकर, 10.38 बजे आरा, 11.25 बजे बक्सर, 13.10 बजे पं.दीनदयाल उपाध्याय जं., 15.35 बजे प्रयागराज, 17.50 बजे कानपुर सेंट्रल एवं 20.53 बजे अलीगढ़ रुकते हुए उसी दिन 23.30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. इस फेस्टिवल स्पेशल में वंदे भारत के 20 कोच होंगे.