scorecardresearch

Varanasi Air Show & Railway Preparations: वायुसेना के एयर शो पर रेलवे का विशेष प्रबंध, DDU जंक्शन पर भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा और स्पेशल ट्रेनों की तैयारी

वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर रेलवे ने पूरी तैयारी कर ली है. दिल्ली-हावड़ा रूट के व्यस्त DDU जंक्शन पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए होल्डिंग एरिया, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और अतिरिक्त टिकट काउंटर्स की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के लिए 100 से अधिक आरपीएफ और जीआरपी जवान तैनात रहेंगे.

Advertisement
रेलवे की IAF के एयर शो को लेकर विशेष प्रबंध रेलवे की IAF के एयर शो को लेकर विशेष प्रबंध

भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले एयर शो को लेकर वाराणसी और गंगा के उस पार चंदौली में जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं. वहीं, इस आयोजन को देखते हुए भारतीय रेलवे भी अलर्ट मोड पर है. संभावना है कि बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से एयर शो देखने वाराणसी पहुंच सकते हैं. इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली-हावड़ा रेल रूट के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) पर विशेष इंतजाम किए गए हैं.

संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं. यहां लोगों के बैठने के साथ पेयजल और अतिरिक्त मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है. जो यात्री ऑटो रिक्शा या बस से स्टेशन पहुंचेंगे, उनके लिए सर्कुलेटिंग एरिया को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने और यात्रियों को आने-जाने में परेशानी न हो. रेलवे का प्रयास है कि एयर शो देखने आने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने और वापसी में ट्रेन पकड़कर अपने गंतव्य तक जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो. इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर रेलवे का कमर्शियल स्टाफ तैनात रहेगा. जनरल टिकट लेने के लिए मोबाइल ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और मोबाइल टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों और अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है.

100 से ज्यादा RPF जवानों की तैनाती
यात्रियों की सुरक्षा के लिए DDU जंक्शन पर 100 से ज्यादा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए GRP के 50 से अधिक कर्मचारी और राज्य पुलिस के जवान भी मौजूद रहेंगे. रेलवे ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेन चलाने की भी तैयारी की है.

DRM ने लिया तैयारियों का जायजा
एयर शो को लेकर स्टेशन पर किए जा रहे इंतजामों का जायजा लेने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के DRM उदय सिंह मीना, RPF कमांडेंट और सीनियर DCM समेत कई अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे. अधिकारियों ने संभावित भीड़ और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियों का निरीक्षण किया. इस बारे में DDU रेल मंडल के DRM उदय सिंह मीना ने बताया कि रेलवे को सूचना मिली है कि वाराणसी में होने वाला एयर शो काफी लोकप्रिय रहेगा और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं. इनमें ट्रेन से आने वाले यात्री भी शामिल होंगे. इसी को ध्यान में रखते हुए ठहरने, बैठने, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है. ऑटो रिक्शा और बस से आने वाले यात्रियों के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि ट्रैफिक जाम न हो.

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है. जरूरत पड़ने पर इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. टिकट लेने के लिए मोबाइल डिवाइस की सुविधा के साथ अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ भी तैनात किया गया है.

भीड़ की दिशा देखकर होगा ट्रेनों का संचालन
DRM उदय सिंह मीना ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर 100 से ज्यादा RPF जवानों के साथ GRP के 50 से अधिक कर्मचारी और राज्य पुलिस के जवान तैनात रहेंगे. रेलवे लगातार यह देखेगा कि भीड़ कितनी बढ़ रही है और किस समय स्टेशन पर ज्यादा लोग इकट्ठा हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि भीड़ की स्थिति और यात्रियों की संभावित दिशा को ध्यान में रखकर अतिरिक्त ट्रेनों की योजना बनाई जाएगी. यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए बताया जाएगा कि किस दिशा में ट्रेन रवाना की जा रही है, ताकि वे आसानी से अपनी यात्रा पूरी कर सकें. रेलवे का लक्ष्य है कि एयर शो के दौरान यात्रियों की आवाजाही सुचारु रहे और उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो.
 

ये भी पढ़ें