Advertisement

Bhopal-Indore Metro: घाटे से उबरने की कोशिश! भोपाल-इंदौर मेट्रो में अब सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स की शुरुआत, कर सकते हैं जमकर पार्टी... बस इन नियमों को करना होगा फॉलो

लगातार घटती सवारी और बढ़ते घाटे के बीच भोपाल मेट्रो ने कमाई का नया रास्ता तलाश लिया है. अब मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स पहल शुरू की है. इसके तहत प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग और बर्थडे सेलिब्रेशन जैसे आयोजन मेट्रो परिसर में किए जा सकेंगे.

Bhopal Metro (File Photo: ITG)
gnttv.com
  • भोपाल,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:23 AM IST

लगातार घटती सवारी और बढ़ते घाटे के बीच भोपाल मेट्रो ने कमाई का नया रास्ता तलाश लिया है. अब मेट्रो सिर्फ सफर का जरिया नहीं रहेगी, बल्कि जश्न का प्लेटफॉर्म भी बनेगी. मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स पहल शुरू की है. इसके तहत प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग और बर्थडे सेलिब्रेशन जैसे आयोजन मेट्रो परिसर में किए जा सकेंगे. मेट्रो प्रबंधन को उम्मीद है कि इससे अतिरिक्त राजस्व जुटाने में मदद मिलेगी.

देने होंगे इतने रुपए 
इसके लिए लोगों को एक घंटे के हिसाब से 5 से 7 हजार रुपए तक खर्च करने होंगे. बुकिंग कम से कम 15 दिन पहले करानी होगी और तय नियमों व टाइमिंग का सख्ती से पालन करना होगा. सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए कुछ स्पष्ट पाबंदियां भी तय की गई हैं. मेट्रो परिसर में शराब, बीड़ी-सिगरेट और पटाखों पर पूरी तरह रोक रहेगी. आयोजन में शामिल होने से पहले सभी लोगों की स्टेशन पर जांच की जाएगी. मेट्रो कोच और चुनिंदा स्टेशनों को विशेष आयोजनों के लिए बुक किया जा सकेगा. एक आयोजन में अधिकतम 50 मेहमानों को शामिल होने की अनुमति दी जाएगी. मेट्रो कोच और चुनिंदा स्टेशनों पर कोई भी आयोजन करने के लिए अनुमति पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी. यह पहल मेट्रो को आमजन के और करीब लाने का एक प्रयास है.

घट गई है यात्रियों की संख्या
गौरतलब है कि भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर 2025 को हुआ था और 21 दिसंबर से इसे आम यात्रियों के लिए खोला गया था. शुरुआती दिनों में यात्रियों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिली, लेकिन समय के साथ यात्रियों की संख्या में काफी गिरावट आ गई. ऐसे में अब मेट्रो प्रशासन ने कमाई बढ़ाने के लिए यह नया प्रयोग शुरू किया है. अभी रोजाना करीब 8 लाख रुपए तक का खर्च होने के बावजूद 100 से भी कम यात्री मेट्रो से सफर कर रहे हैं. भोपाल में फिलहाल करीब 6 किलोमीटर ट्रैक पर 8 स्टेशनों के बीच मेट्रो चल रही है, जबकि इंदौर में 6.3 किलोमीटर के दायरे में सेवा संचालित हो रही है.

(रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement