Advertisement

समस्तीपुर रेल मंडल ने चलाई 8 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइम टेबल

रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय और स्टेशन की जानकारी जरूर जांच लें तथा निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें. रेलवे का मानना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से हजारों परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुगम बन सकेगी.

Special Train
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:04 AM IST

पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. परीक्षार्थियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने 24 जून 2026 को 8 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. ये ट्रेनें बिहार के विभिन्न जिलों से प्रमुख परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए चलाई जाएंगी. रेलवे ने इन ट्रेनों का विस्तृत टाइम टेबल भी जारी कर दिया है.

समस्तीपुर रेल मंडल ने किया विशेष प्रबंध
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए समस्तीपुर, सुपौल, बेतिया, पूर्णिया कोर्ट, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर समेत कई स्टेशनों से परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा.

सुपौल, बेतिया और पूर्णिया कोर्ट से भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
सुपौल से पाटलिपुत्र के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन सहरसा, मानसी, बेगूसराय, बरौनी और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी. वहीं बेतिया से पटना के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन भी दोपहर 2:15 बजे खुलेगी. यह ट्रेन बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र स्टेशन पर रुकते हुए पटना पहुंचेगी. इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र के लिए विशेष ट्रेन दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन सहरसा, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी और हाजीपुर स्टेशन पर ठहराव के बाद पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

मधुबनी से गया और भभुआ रोड के लिए विशेष सुविधा
मधुबनी से भभुआ रोड के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा और सासाराम स्टेशन पर रुकते हुए भभुआ रोड पहुंचेगी. वहीं मधुबनी से गया के लिए एक अन्य परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 1:30 बजे खुलेगी. यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, मोकामा और पटना स्टेशन होते हुए गया पहुंचेगी.

समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के यात्रियों को भी राहत
समस्तीपुर से पाटलिपुत्र के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 2:15 बजे चलेगी, जो मुजफ्फरपुर और हाजीपुर में रुकते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी. दरभंगा से पाटलिपुत्र के लिए विशेष ट्रेन दोपहर 2:30 बजे खुलेगी और समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर तथा हाजीपुर में ठहराव करेगी. इसके अलावा मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी, जो हाजीपुर और सोनपुर स्टेशन पर रुकते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement