Advertisement

Chamoli Weather & Yatra Update 2026: चमोली में बारिश और बर्फबारी से बढ़ी ठंड, हेमकुंड साहिब पर बिछी बर्फ की चादर, बद्रीनाथ धाम में कम नहीं हो रहा श्रद्धालुओं का उत्साह

उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम के करवट बदलते ही निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है. 15,210 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब बर्फ की चादर से ढक गया है, वहीं बद्रीनाथ धाम में भीषण ठंड के बावजूद 3 किलोमीटर लंबी कतारों में श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं.

हेमकुंड साहिब में बर्फबारी
कमल नयन सिलोड़ी
  • चमोली,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:44 PM IST

चमोली में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. जिले के निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश का दौर चल रहा है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है. मौसम में आए इस बदलाव का असर पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर भी दिखाई दे रहा है. कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और यात्रा लगातार जारी है.

मौसम विभाग की चेतावनी भी सटीक साबित होती नजर आ रही है. विभाग ने 10-11 अक्टूबर तक पहाड़ों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन श्रद्धालुओं को लेकर धामों की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं.

बर्फ की सफेद चादर में ढका हेमकुंड साहिब
सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब में कपाट बंद होने से ठीक पहले जबरदस्त बर्फबारी हुई है. करीब 15,210 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब क्षेत्र बीती रात हुई बर्फबारी के बाद पूरी तरह सफेद नजर आया. चारों तरफ बर्फ की चादर बिछने से यहां का नजारा बेहद अलग दिखाई दे रहा है. हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होने हैं. इससे पहले हुई बर्फबारी इस सीजन की दूसरी बर्फबारी है. कड़ाके की ठंड और लगातार हो रही बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके हैं. कठिन पैदल चढ़ाई पार करते हुए श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से कंबल और रजाई की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि ठंड के बीच तीर्थयात्रियों को परेशानी न हो.

बद्रीनाथ धाम में 2 से 3 किलोमीटर लंबी कतार
उधर, बद्रीनाथ धाम में भी बीती रात हुई बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है. बुधवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई. भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबी कतार लगी रही. बद्रीनाथ धाम के आसपास की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी दिखाई दे रही है. मौसम सर्द होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है. पितृपक्ष के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंच रहे हैं और भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर रहे हैं.

बारिश और बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
चमोली में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. ऐसे में बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में आने वाले दिनों में मौसम और सर्द हो सकता है. इसके बावजूद दोनों प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है. एक तरफ बर्फ से ढका हेमकुंड साहिब पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, तो दूसरी ओर बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए उमड़ रही भीड़ आस्था और यात्रा के उत्साह को दिखा रही है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement