यदि आप दिल्ली मेट्रो से यात्रा करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शनिवार को 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. इसमें राजीव चौक, नई दिल्ली, ITO, मंडी हाउस और सुप्रीम कोर्ट जैसे स्टेशन शामिल हैं. ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे. हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन बंद होने से यात्रियों को थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने को कहा गया है. डीएमआरसी ने लगातार चौथे दिन स्टेशनों को बंद रखने का बड़ा फैसला लिया है. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरना-प्रदर्शन को देखते हुए ऐहतियात के तौर पर DMRC ने मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है. उधर, जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए हैं. इन्हें मोटी चेनों से जोड़ा गया है और वेल्डिंग की गई है, ताकि इन्हें हिलाया डुलाया नहीं जा सके.
शनिवार के ये मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
1. लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. केन्द्रीय सचिवालय
11. आईटीओ
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम
17. झंडेवालान
18. नई दिल्ली
यात्रियों को हो रही परेशानी
आपको मालूम हो कि दिल्ली मेट्रो निगम के आदेश पर पिछले चार दिनों से दिल्ली शहर के अलग-अलग मेट्रो स्टेशन बंद किए जा रहे हैं. प्रदर्शन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों के कारण बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को भी ये स्टेशन लंबे समय तक बंद रहे थे. इससे ऑफिस जाने वालों के साथ ही विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था. यात्रियों ने बताया कि मेट्रो बंद होने के चलते उनके सफर में 40 से 45 मिनट अधिक लग गए. किराया भी अधिक देना पड़ रहा है. यात्रियों ने बताया कि ऑफिस पहुंचने के लिए कैब, ऑटो पर 400-500 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं. आज से वीकेंड होने के कारण भी शनिवार-रविवार को यात्रा करने में दिक्कतें बढ़ेंगी.