Advertisement

Bengaluru-Mumbai Vande Bharat Sleeper: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब 22-24 घंटे नहीं... सिर्फ 16 घंटे में पूरा होगा मुंबई से बेंगलुरु तक का सफर, इस रूट पर दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर, जानें किराया से लेकर स्टॉपेज तक

बेंगलुरु से मुंबई के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है. इस रूट पर जल्द वंदे भारत स्लीपर दौड़ेगी. यह ट्रेन सिर्फ 16 घंटे में मुंबई से बेंगलुरु तक का सफर पूरा कर लेगी. फिलहाल अन्य ट्रेन से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने में 22 से 24 घंटे तक का समय लग जाता है. यहां आप किराया से लेकर स्टॉपेज तक जान सकते हैं. 

Vande Bharat
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:19 AM IST

बेंगलुरु से मुंबई के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है. इस रूट पर इसी महीने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के चलने की संभावना है. प्रस्तावित टाइमटेबल के अनुसार बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन करीब 16 घंटे में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा देगी. फिलहाल अन्य ट्रेन से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने में 22 से 24 घंटे तक का समय लग जाता है. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रियों के करीब 6 से 8 घंटे बचने की उम्मीद है.

16 घंटे 5 मिनट में बेंगलुरु से मुंबई पहुंचने का अनुमान
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) से शाम 7:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पहुंचेगी. इस तरह बेंगलुरु से मुंबई तक का सफर करीब 16 घंटे 5 मिनट में पूरा होगा. वापसी में ट्रेन मुंबई के CSMT से रात 8:10 बजे चलकर अगले दिन सुबह करीब 11:55 बजे बेंगलुरु पहुंच सकती है. इस दिशा में यात्रा का समय करीब 15 घंटे 45 मिनट रहने का अनुमान है.

इन स्टेशनों पर हो सकता है ठहराव
प्रस्तावित रूट करीब 1,137 किलोमीटर लंबा है और पूरी तरह इलेक्ट्रिफाइड व डबल ट्रैक है. इसके ज्यादातर हिस्से में 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से ट्रेन चलाने की क्षमता है. संभावित ठहरावों में अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण शामिल बताए जा रहे हैं. ट्रेन के संभावित नंबर 27651 और 27652 बताए गए हैं. हालांकि इंडियन रेलवे की ओर से अभी स्टॉपेज और ट्रेन नंबर की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है.  रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तय होगा कि ट्रेन किन स्टेशनों पर रुकेगी और उसका समय क्या होगा.

दक्षिण भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर को दक्षिण भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर सेवा बताया जा रहा है. इस ट्रेन को खासतौर पर रात में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ट्रेन की शुरुआत की घोषणा पहली बार सितंबर 2025 में की गई थी. फिलहाल इसे SMVT बेंगलुरु से चलाने की योजना है. हालांकि, इसे KSR बेंगलुरु से शुरू करने की मांग भी की गई है, क्योंकि शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन तक पहुंचना कई यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक माना जाता है.

16 कोच के होंगे दो ट्रेनसेट
इस सेवा के लिए 16-16 कोच वाले दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट तैयार किए गए हैं. इनका निर्माण भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने इंटीग्रल कोच फैक्टरी (ICF) के प्रोग्राम के तहत किया है. बताया जा रहा है कि एक ट्रेनसेट बेंगलुरु कैंटोनमेंट और दूसरा बंगारापेट के पास वरदापुरा में रखा गया है.

3AC के 11 कोच, किराया करीब 3000 रुपए रहने का अनुमान
प्रस्तावित ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे. इनमें 11 कोच 3AC, 4 कोच 2AC और एक कोच 1AC का होगा. 3AC का एक तरफ का किराया करीब 3000 रुपए रहने का अनुमान है. लंबी दूरी की इस ट्रेन में यात्रियों को भोजन और नाश्ते की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है. हालांकि, ट्रेन की शुरुआत की तारीख, किराया, स्टॉपेज और अंतिम टाइमटेबल पर रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. यदि प्रस्तावित शेड्यूल लागू होता है तो बेंगलुरु-मुंबई रेल यात्रा पहले के मुकाबले काफी तेज और सुविधाजनक हो सकती है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement