जब भी दिल्ली घूमने की बात होती है, तो सबसे पहले दिमाग में चांदनी चौक की पुरानी गलियां, कनॉट प्लेस की रौनक और हौज खास की नाइटलाइफ़ की चमक उभर आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दिल्ली के आसपास भी ऐसी कई शानदार जगहें मौजूद हैं, जहां आप महज 2–3 घंटे की ड्राइव में एक यादगार वीकेंड बिता सकते हैं? अगर आप भी शहर की भीड़भाड़ से थोड़ा ब्रेक लेना चाहते हैं, तो ये नजदीकी डेस्टिनेशन आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकते हैं.
आस्था और भव्यता का संगम
तीर्थ यात्रा का मन है तो छतरपुर मंदिर जरूर जाएं. इसे श्री आद्य कात्यायनी शक्ति पीठम के नाम से भी जाना जाता है. दक्षिण दिल्ली में स्थित यह भव्य मंदिर देवी कात्यायनी को समर्पित है और 1974 में इसका निर्माण हुआ था. संगमरमर से बने इस विशाल परिसर में बाबा संत नागपाल जी और शिव-गौरी नागेश्वर मंदिर भी स्थित हैं. खूबसूरत बगीचों और खुले लॉन से घिरा यह मंदिर शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कराता है. दिल्ली से इसकी दूरी लगभग 15 किमी है.
प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग
अगर आप बर्ड वॉचिंग या फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो ओखला पक्षी सेंचुरी आपके लिए एक बेहतरीन जगह है. 1990 में स्थापित यह सेंचुरी सर्दियों में खासतौर पर आकर्षण का केंद्र बन जाता है, जब यहां प्रवासी पक्षियों की कई दुर्लभ प्रजातियां देखने को मिलती हैं. सफेद दुम वाले गिद्ध, सारस क्रेन और बैकाल टील जैसे पक्षी यहां की शोभा बढ़ाते हैं. दिल्ली से यह मात्र 16 किमी दूर है.
इतिहास की गूंज
14वीं शताब्दी में तुगलक वंश के संस्थापक गयास-उद-दीन तुगलक द्वारा निर्मित तुगलकाबाद किला आज खंडहर रूप में सही, लेकिन अपने गौरवशाली इतिहास की कहानी बयां करता है. विशाल दरवाजों, प्राचीन दीवारों और गुप्त सुरंगों से सजा यह किला एक समय भव्य गढ़ का हिस्सा था. यहां शासक और उनके परिवार की कब्रें भी स्थित हैं. दिल्ली से इसकी दूरी करीब 17 किमी है.
मॉडर्न लाइफ और एडवेंचर का संगम
दिल्ली से लगभग 30 किमी दूर स्थित गुरुग्राम आधुनिकता और मनोरंजन का शानदार मिश्रण है. साइबर हब के लिए मशहूर यह शहर शॉपिंग लवर्स के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं. यहां 80 से ज्यादा मॉल, एडवेंचर पार्क, पब और बेहतरीन रेस्टोरेंट मौजूद हैं. पैराग्लाइडिंग, जिपलाइनिंग और गो-कार्टिंग जैसी गतिविधियां रोमांच प्रेमियों को खास आकर्षित करती हैं.
रोमांच से भरपूर वीकेंड
अगर आप इस वीकेंड एडवेंचर का प्लान बना रहे हैं, तो धौज जरूर जाएं. दिल्ली से करीब 45 किमी दूर स्थित यह जगह अपनी कैम्पिंग साइट्स और रोमांचक गतिविधियों के लिए जानी जाती है. यहां रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, ज़ोरबिंग और साइकिलिंग का भरपूर मजा लिया जा सकता है.