Indian Railways: सिपाही भर्ती का एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों के लिए गुड न्यूज! रेलवे चला रही परीक्षा स्पेशल ट्रेन, जानें रूट और टाइमिंग

सिपाही भर्ती परीक्षा 14 जून को है. भारतीय रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए समस्तीपुर मंडल से 4 परीक्षा विशेष ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें मधुबनी, मुजफ्फरपुर और बेतिया से पटना के लिए चलेंगी. यहां आप इन स्पेशल ट्रेनों का रूट और टाइमिंग जान सकते हैं. 

Train (File Photo: PTI)
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:03 AM IST

सिपाही भर्ती का एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों के लिए गुड न्यूज है. इंडियन रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने जा रही है. इससे आम यात्रियों के साथ-साथ परीक्षार्थियों को भी सुविधा मिलेगी. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल द्वारा 14 जून 2026 को मंडल के विभिन्न स्टेशनों से पटना (पाटलिपुत्र) के लिए परीक्षा विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. बता दें कि परीक्षा 14 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है. समस्तीपुर मंडल क्षेत्राधिकार अंतर्गत परीक्षा केंद्र मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया व सुपौल जिलों में निर्धारित किए गए हैं. बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन की संभावना को देखते हुए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है.

कब और कहां से चलेंगी परीक्षा विशेष ट्रेनें 
1. मधुबनी-पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन
यह विशेष ट्रेन दिनांक 14 जून 2026 को मधुबनी से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करेगी और दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

2. बेतिया-पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन (प्रथम फेरा)
यह विशेष ट्रेन बेतिया से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करेगी और बेतिया-मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मार्ग से होकर पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

3. बेतिया-पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन (द्वितीय फेरा)
परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए बेतिया से एक अन्य विशेष ट्रेन सायं 18:00 बजे चलाई जाएगी, जो मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

4. मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष ट्रेन
यह विशेष ट्रेन मुजफ्फरपुर से शाम में 18:00 बजे प्रस्थान करेगी और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

रेलवे का विशेष निर्देश 
समस्तीपुर मंडल की ओर से परीक्षार्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे समय से स्टेशन पहुंचकर यात्रा करें तथा रेलवे द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. मंडल प्रशासन द्वारा संबंधित स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े.

 

Read more!

RECOMMENDED