यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोटा मंडल से होकर चलने वाली मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष ट्रेन के 13-13 अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाए गए हैं. इससे महाराष्ट्र से कोटा होते हुए उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. खासकर दशहरा और दीपावली के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन से फायदा होगा.
मुंबई सेंट्रल-कानपुर स्पेशल ट्रेन-
गाड़ी संख्या 09185 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज विशेष ट्रेन प्रत्येक रविवार को चलेगी. इसके अतिरिक्त फेरे 13, 20 और 27 सितंबर, 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर तथा 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को होंगे. वापसी में गाड़ी संख्या 09186 कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार को चलेगी. यह ट्रेन 14, 21 और 28 सितंबर, 12, 19 और 26 अक्टूबर तथा 2, 9, 16, 23 और 30 नवंबर को संचालित होगी.
कोटा होकर यूपी जाने वालों को होगा फायदा-
महाराष्ट्र से कोटा होकर उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली कई ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में परेशानी होती है. अतिरिक्त ट्रिप शुरू होने से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा सुविधा मिलेगी और त्योहारों के दौरान भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
कोटा से बिहार जाने वाले मुसाफिरों के लिए गुड न्यूज-
इधर, कोटा रेल मंडल के सोगरिया स्टेशन से चलने वाली सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में भी शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा. गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में यह व्यवस्था 2 नवंबर से, जबकि गाड़ी संख्या 19802 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर से प्रभावी होगी.
सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस सोगरिया से रवाना होकर बारां, रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, मुडवारा, मैहर और सतना होते हुए दानापुर पहुंचेगी. अतिरिक्त कोच लगने के बाद ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे. इनमें 2 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 6 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 शयनयान, 4 सामान्य श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें: