Advertisement

इंडिगो ने पूरे किए 20 साल, 2030 तक 550 विमानों और 3,000 दैनिक उड़ानों का लक्ष्य

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में शामिल इंडिगो ने अपने परिचालन के 20 साल पूरे होने पर अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का ऐलान किया है.

IndiGo completes 20 years
दीपेश त्रिपाठी
  • मुंबई ,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:04 PM IST

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में शामिल इंडिगो ने अपने परिचालन के 20 साल पूरे होने पर अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का ऐलान किया है. कंपनी ने कहा कि उसने पिछले दो दशकों में किफायती और भरोसेमंद हवाई सेवाओं के जरिए करोड़ों भारतीयों के लिए हवाई यात्रा को आसान बनाया है. अब इंडिगो 2030 तक अपने बेड़े और उड़ानों का बड़े स्तर पर विस्तार करने की तैयारी में है.

20 साल में 90 करोड़ यात्रियों तक पहुंची इंडिगो
इंडिगो ने 4 अगस्त 2006 को दिल्ली, गुवाहाटी, इंफाल मार्ग पर अपनी पहली उड़ान शुरू की थी. आज कंपनी के बेड़े में 430 से अधिक विमान शामिल हैं और वह भारत तथा विदेश के 140 से ज्यादा गंतव्यों को जोड़ती है. एयरलाइन अब तक लगभग 90 करोड़ यात्रियों को अपनी सेवाएं दे चुकी है. फिलहाल इंडिगो देश के 97 घरेलू और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए नियमित उड़ानें संचालित कर रही है.

2030 तक बेड़े और उड़ानों में होगा बड़ा विस्तार
कंपनी ने बताया कि वर्ष 2030 तक उसके बेड़े में 550 से अधिक विमान शामिल करने का लक्ष्य है. साथ ही हर दिन करीब 3,000 उड़ानों का संचालन करने की योजना बनाई गई है. इंडिगो का लक्ष्य हर साल लगभग 20 करोड़ यात्रियों को हवाई सेवा उपलब्ध कराना है. कंपनी का मानना है कि आने वाले वर्षों में भारत में हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ेगी और वह इस बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए तैयार है.

बेहतर सेवाओं और वैश्विक विस्तार पर रहेगा फोकस
इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया ने कहा कि कंपनी की शुरुआत भारत में हवाई यात्रा को सुलभ, किफायती और भरोसेमंद बनाने के उद्देश्य से की गई थी. उन्होंने कहा कि आगे भी यात्रियों को बेहतर अनुभव देने और नेटवर्क का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. वहीं कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विली वॉल्श ने कहा कि भारत वैश्विक विमानन क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इंडिगो भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

68 हजार कर्मचारी और नई सुविधाओं का विस्तार
इंडिगो के पास इस समय 68,000 से अधिक कर्मचारी हैं. कंपनी ने दिल्ली और बेंगलुरु में मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल यानी एमआरओ सुविधाएं विकसित की हैं. बेंगलुरु में एक नई एमआरओ सुविधा भी तैयार की जा रही है. इसके अलावा कंपनी टिकाऊ विमानन, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है. 20वीं वर्षगांठ के मौके पर इंडिगो ने '20 Years of Connecting the Dots' नाम से विशेष ब्रांड बुकलेट और अपनी इन-फ्लाइट मैगजीन Hello 6E का नया संस्करण भी जारी किया.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement