IRCTC Chart Vacancy Feature: हमारे देश में अधिकांश लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं. इंडियन रेलवे यह ध्यान रखता है कि किसी भी यात्री को आवागमन में कोई परेशानी न हो. पर्व-त्योहार, गर्मी और ठंडी की छुट्टी के दौरान भारतीय रेलवे कई स्पेशल ट्रेनों को चलाता है ताकि यात्रियों को कंफर्म सीटें मिल जाएं. हालांकि इतनी ट्रेनों के चलने के बावजूद कई बार ट्रेन टिकट वेटिंग में रह जाती है.
आपने ट्रेन में देखा होगा कि वेटिंग टिकट वाले यात्री खाली सीट के लिए टीटीई के पीछे-पीछे चक्कर लगाते रहते हैं. दरअसल, बहुत कम यात्री जानते हैं कि IRCTC की वेबसाइट पर एक ऐसा फीचर है, जिसकी सहायता से चलती ट्रेन में भी पता लगाया जा सकता है कि किस डिब्बे में कौन-कौन सी सीटें खाली हैं. ऐसे में आपको वेटिंग टिकट होने पर खाली सीट के लिए टीटीई के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. आपको मालूम हो कि IRCTC के इस फीचर का नाम चार्ट वैकेंसी है. कोई भी यात्री चार्ट वैकेंसी की मदद से IRCTC की वेबसाइट पर आसानी से चेक कर सकते हैं कि ट्रेन में कौन सी सीटें खाली हैं.
आखिर क्या है चार्ट वैकेंसी फीचर
आपको मालूम हो कि चार्ट वैकेंसी फीचर IRCTC की ओर से उपलब्ध कराया जाने वाला एक खास फीचर है. इसकी सहायता से चलती ट्रेन में खाली सीटों के बारे में आप पता लगा सकते हैं. टेक्निकल भाषा में कहें तो यह ट्रेन का ऑनलाइन और लाइव रिजर्वेशन चार्ट होता है, जिसे कि फाइनल चार्ट बनने के बाद देखा जा सकता है. चार्ट वैकेंसी फीचर के जरिए आपको ट्रेन के किस डिब्बे में कौन सी सीट या बर्थ खाली है इसकी लाइव जानकारी मिल सकती है. यदि कोई यात्री ट्रेन में वेटिंग टिकट के साथ यात्रा कर रहा हो तो वह इस फीचर के जरिए पता लगा सकता है कि उसे बैठने के लिए खाली सीट कहां मिल सकेगी. यात्री अपने मोबाइल या लैपटॉप पर ट्रेन में खाली सीट देखकर टीटीई के पास जा सकते हैं और नियम के तहत उसे अपने नाम अलॉट करवा सकते हैं.
ऐसे चलती ट्रेन में पता लगाएं खाली सीट
1. चलती ट्रेन में खाली सीट का पता लगाने के लिए आपको सबसे पहले IRCTC की ऑफिशियल साइट पर जाना होगा या फिर Rail कनेक्ट ऐप को खोलनो होगा.
2. इसके बाद होम पेज पर मौजूद Charts/Vacancy के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा. यह आपको सीधे Reservation Chart पेज पर ले जाएगा.
3. फिर आपको अपनी ट्रेन का नंबर, यात्रा की तारीख और बोर्डिंग स्टेशन दर्ज करना होगा.
4. इसके बाद Get Train Chart पर क्लिक करना होगा. ऐसा करने के बाद आपके सामने ट्रेन का क्लास-वाइज लेआउट खुल जाएगा.
5. फिर फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी, थर्ड एसी या स्लीपर में से अपना कोच टाइप चुनें. आपके सामने खाली सीटों की पूरी लिस्ट कोच और सीट नंबर के साथ मिल जाएगी.
ट्रेन में खाली सीट मिलने पर तुरंत करें ये काम
चार्ट वैकेंसी फीचर के जरिए सीट खोजने के बाद सबसे पहले खाली सीट नंबर और कोच का नंबर नोट कर लें. इसके बाद तुरंत टीटीई को ढूंढें. टीटीई के मिलने के बाद खाली सीट की जानकारी दें. आप ऑनलाइन चार्ट भी चेक करावा सकते हैं. अब टीटीई से खाली सीट अपने नाम पर अलॉट करने को कहें. आपको मालूम हो कि भारतीय रेलवे के नियमों के अनुसार टीटीई खाली सीट को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर देने के लिए अधिकृत होता है. टीटीई यात्री से वेटिंग टिकट के बदले तय नियम और किराए के अंतर के अनुसार एक रसीद देगा और यात्री को अपडेट हुई टिकट उपलब्ध कराएगा. इसके बाद यात्री उस सीट पर आराम से बैठकर और सोकर सफर कर सकते हैं.