अगर आप गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर की खूबसूरत वादियों का आनंद लेना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम यानी IRCTC जन्नत-ए-कश्मीर नाम से खास हवाई टूर पैकेज लेकर आ रहा है. यह पैकेज 20 जून से 25 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा.
5 रात और 6 दिन का होगा टूर
इस टूर पैकेज के तहत पर्यटकों को श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग जैसी खूबसूरत जगहों की सैर कराई जाएगी. यात्रियों के लिए लखनऊ से श्रीनगर आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई है. वहीं ठहरने की सुविधा तीन सितारा होटल और हाउस बोट में रहेगी.
डल झील से बर्फीली वादियों तक घूमने का मौका
यात्रा के दौरान पर्यटकों को डल झील, बर्फीले पहाड़, खिलनमर्ग, बेताब घाटी, चंदनवारी और अरु घाटी जैसी प्रसिद्ध जगहों पर ले जाया जाएगा. इसके अलावा शंकराचार्य मंदिर, मुगल गार्डन, निशात बाग, चश्मेशाही, शालीमार गार्डन और हजरतबल दरगाह का भी भ्रमण कराया जाएगा. गुलमर्ग में गोंडोला केबल कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, हालांकि इसका शुल्क यात्रियों को अलग से देना होगा.
जानिए पैकेज का किराया
एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज शुल्क- 68,800 रुपए प्रति व्यक्ति
दो लोगों के साथ ठहरने पर- 52,300 रुपए प्रति व्यक्ति
तीन लोगों के साथ ठहरने पर- 49,950 रुपए प्रति व्यक्ति
माता-पिता के साथ बच्चे का किराया:
बेड सहित- 41,100 रुपए
बिना बेड- 36,800 रुपए
ऐसे करा सकते हैं बुकिंग
पैकेज की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जाएगी. यात्री गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय से बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा IRCTC Tourism Website पर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है.