रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन फिर शुरू, कोयल नदी पुल अब पूरी तरह सुरक्षित

रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने लोहरदगा पहुंचकर कोयल नदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शीर्ष तकनीकी अधिकारियों के साथ पुल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया.

तीन महीने बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर सामान्य हुआ ट्रेनों का परिचालन
gnttv.com
  • लोहरदगा,
  • 29 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:08 PM IST

करीब तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन एक बार फिर शुरू हो गया है. कोयल नदी पर बने पुल संख्या 115 की मरम्मत पूरी होने के बाद रेलवे ने इस रूट को सुरक्षित घोषित कर दिया है. अब राजधानी एक्सप्रेस समेत अन्य सभी ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित मार्ग से ही चलेंगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.

रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने लोहरदगा पहुंचकर कोयल नदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शीर्ष तकनीकी अधिकारियों के साथ पुल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया. डीआरएम खुद सीढ़ी के सहारे पुल के नीचे उतरे और वहां लगाए गए स्टील स्ट्रक्चर का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से बातचीत कर सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की.

डीआरएम ने बताया कि पुल अब पूरी तरह सुरक्षित है और इस पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रेलवे की टीम ने तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए दिन-रात मेहनत की है, जिसका परिणाम अब सामने है. गौरतलब है कि पुल में झुकाव (टिल्ट) आने की वजह से जनवरी के पहले सप्ताह से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित था. उस दौरान लोहरदगा से इरगांव हाल्ट और टोरी से लोहरदगा तक शटल ट्रेनें चलाई जा रही थीं. यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे को बस सेवा भी उपलब्ध करानी पड़ी थी.

अब 28 मार्च से सभी एक्सप्रेस ट्रेनें फिर से अपने सामान्य रूट रांची-लोहरदगा-टोरी मार्ग से चलने लगी हैं. वहीं, पुरुलिया-आनंद विहार ट्रेन भी अप्रैल महीने से इसी मार्ग से संचालित होगी. रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि मानसून से पहले बाकी कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED